Gulab Care In Winters: कई बार ऐसा होता है कि गुलाब का पौधा हरा-भरा और स्वस्थ दिखता है पर उसमें फूल नहीं आते. ऐसे में कुछ गलतियां हैं जो आप कर रहे हैं, जिनसे बचना है और कुछ काम हैं जो जरूर करने हैं. जानते हैं इस बारे में एक्सपर्ट की राय.
सर्दी के मौसम में गुलाब के पौधे सबसे बेहतर तरीके से फूल देते हैं. इस समय ठंडा मौसम और हल्की धूप गुलाब की बढ़वार के लिए बेहतरीन मानी जाती है. अगर इस मौसम में गुलाब के पौधों की सही देखभाल की जाए, तो पौधों में लगातार कलियां बनती हैं और लंबे समय तक फूल आते रहते हैं. यही वजह है कि सर्दियों में गुलाब प्रेमी अपने पौधों पर विशेष ध्यान देते हैं.

लेकिन अक्सर देखने में आता है कि पौधे हरे-भरे तो होते हैं, लेकिन फूल कम आते हैं. इसका मुख्य कारण सही समय पर छंटाई, संतुलित खाद और पानी की कमी या अधिकता होती है. इसी को लेकर हजारीबाग के सारले स्थित श्री राम नर्सरी के हाईटेक गार्डनर राकेश सिंह ने सर्दियों में गुलाब के पौधों से अधिक फूल लेने की प्रभावी विधि बताई है.

उन्होंने बताया कि सर्दियों में गुलाब के पौधों की हल्की छंटाई करना फायदेमंद होता है. सूखी, कमजोर और आपस में उलझी टहनियों को हटा देने से पौधे की ऊर्जा मिलती है और कलियों का विकास होने लगता है. इससे पौधा मजबूत भी होता है और फूलों की संख्या बढ़ती है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

गुलाब के पौधों को पर्याप्त धूप मिलना बेहद जरूरी है. ऐसे मौसम में पौधों को ऐसी जगह रखना चाहिए, जहां रोजाना कम से कम 6 घंटे की सीधी धूप मिल सके. धूप की कमी होने पर पौधों की ग्रोथ रुक जाती है और फूलों का आकार भी छोटा रह जाता है.

राकेश सिंह आगे बताते हैं कि जैविक खाद गुलाब के लिए सबसे उपयुक्त रहती है. गोबर की सड़ी हुई खाद, वर्मी कंपोस्ट और सरसों की खली को सीमित मात्रा में मिट्टी में मिलाने से पौधों को जरूरी पोषक तत्व मिलते हैं. इससे कलियां ज्यादा बनती हैं और फूल ज्यादा समय तक टिके रहते हैं.

सर्दियों में मिट्टी को लगातार गीला रखने की जरूरत नहीं होती. जब मिट्टी ऊपर से सूखी महसूस हो, तभी पानी देना चाहिए. अधिक पानी देने से जड़ों के सड़ने की समस्या हो सकती है.

कीट और रोग से बचाव के लिए उन्होंने देसी उपाय अपनाने की सलाह दी. नीम तेल या नीम की पत्तियों से तैयार घोल का छिड़काव नियमित अंतराल पर करने से कीट और फंगस से बचाव होता है. इससे पौधे स्वस्थ रहते हैं और फूलों की गुणवत्ता बेहतर होती है.

अंत में इतना ही कि समय-समय पर मिट्टी की हल्की गुड़ाई और सूखे पत्तों को हटाते रहना भी जरूरी है. सही देखभाल और संतुलित पोषण के साथ सर्दियों में गुलाब के पौधे भरपूर फूल देते हैं और घर व बगीचे की सुंदरता बढ़ाते हैं.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.