Tulsi Plant Tips: गर्मी का मौसम शुरू होते ही घरों में लगा तुलसी का पौधा जल्दी सूखने लगता है. तेज धूप, कम नमी और सही देखभाल न होने से तुलसी की पत्तियां पीली होकर झड़ने लगती हैं. वहीं गर्मी में अगर कुछ आसान उपाय अपनाएंगे, तो तुलसी का पौधा हरा-भरा रहेगा.
गर्मी का मौसम शुरू हो चुका है. हर घर में तुलसी के पौधे को सबसे ज्यादा जरूरत सही जगह रखने की होती है. तुलसी को ऐसी जगह रखें, जहां सुबह की हल्की धूप मिले लेकिन दोपहर की तेज धूप सीधे पौधे पर न पड़े क्योंकि ज्यादा तेज धूप से तुलसी की पत्तियां जलने लगती हैं और पौधा कमजोर हो जाता है. तुलसी के पौधे में पानी देने का भी खास ध्यान रखना चाहिए.

गर्मी में रोज थोड़ा-थोड़ा पानी देना जरूरी होता है लेकिन एक साथ ज्यादा पानी नहीं डालना चाहिए. सुबह या शाम के समय पानी देने से पौधे को ज्यादा फायदा मिलता है क्योंकि उस समय धूप कम होती है और पौधा पानी को अच्छे से सोख पाता है. हालांकि एक साथ बहुत ज्यादा पानी डालना भी ठीक नहीं है. इससे जड़ खराब हो सकती है.

वहीं अगर आप चाहते हैं कि तुलसी की पत्तियां हरी-भरी रहें और सूखे नहीं, तो मिट्टी में समय-समय पर जैविक खाद डालना जरूरी है. इसके लिए गोबर की खाद या वर्मी कम्पोस्ट डाल सकते हैं. इससे मिट्टी की उर्वरता बढ़ती है और पौधा तेजी से बढ़ता है. कोशिश करें कि तुलसी का पौधा ऐसे स्थान पर रखें, जहां उसे हल्की धूप और थोड़ी छांव दोनों मिलती रहे.
Add News18 as
Preferred Source on Google

तुलसी के पौधे को पोषण देने के लिए कुछ घरेलू चीजों का भी उपयोग किया जा सकता है. महीने में एक या दो बार चावल धोने का पानी या पतली छाछ मिट्टी में डालना काफी फायदेमंद माना जाता है. इससे पौधे को प्राकृतिक पोषक तत्व मिलते हैं और मिट्टी की उर्वरता भी बढ़ती है. केले के छिलके को सुखाकर उसका पाउडर भी मिट्टी में मिला सकते हैं, जिससे पौधा मजबूत बनता है.

गर्मी के मौसम में तुलसी के पौधे की मिट्टी का खास ख्याल रखना चाहिए. मिट्टी अगर बहुत ज्यादा सख्त हो जाए, तो जड़ों तक हवा और पानी ठीक से नहीं पहुंच पाता, इसलिए समय-समय पर मिट्टी को हल्का सा ढीला कर देना चाहिए. इससे मिट्टी में हवा का संचार बना रहता है और पौधे की जड़ें मजबूत बनती हैं, जिससे पौधा अच्छी तरह बढ़ता है.

अगर तुलसी के पौधे में पीली या सूखी पत्तियां दिखने लगें, तो उन्हें तुरंत हटा देना चाहिए. सूखी पत्तियां पौधे की ऊर्जा को बेकार खर्च करती हैं और नई पत्तियों के विकास में रुकावट बनती हैं. जब आप समय-समय पर सूखी पत्तियों और कमजोर टहनियों को हटा देते हैं, तो पौधे में नई और स्वस्थ पत्तियां तेजी से निकलती हैं.

तुलसी के पौधे को कीड़ों और बीमारियों से बचाने के लिए भी सावधानी जरूरी है. गर्मी के मौसम में कई बार छोटे-छोटे कीड़े पत्तियों को नुकसान पहुंचाने लगते हैं. इससे बचाव के लिए नीम के पानी या नीम के तेल का हल्का छिड़काव किया जा सकता है. यह एक प्राकृतिक उपाय है, जिससे कीड़े भी दूर रहते हैं और पौधे को कोई नुकसान भी नहीं होता.

अगर इन सभी आसान उपायों को नियमित रूप से अपनाया जाए, तो गर्मी के मौसम में भी तुलसी का पौधा हरा-भरा और स्वस्थ बना रहता है. सही मात्रा में पानी, हल्की धूप, जैविक खाद और समय-समय पर देखभाल से तुलसी का पौधा न सिर्फ सूखने से बचता है बल्कि तेजी से बढ़कर घर के वातावरण को भी शुद्ध और पवित्र बनाता है.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.