How To Keep Green Leafy Vegetables Fresh: सर्दियों में भर-भरकर पालक, सरसों, मेथी, बथुआ जैसी सब्जियां आती हैं. पर इन्हें ताजा रखना आसान नहीं होता. फ्रिज में रखने पर भी ये खराब हो जाती हैं. जानते हैं इस मौसम में कैसे पत्तेदार सब्जियों को ज्यादा दिनों तक फ्रेश रखा जा सकता है.
सर्दियों का मौसम आते ही बाजार में तरह-तरह की पत्तेदार सब्जियां भरपूर मात्रा में मिलने लगती हैं. पालक, सरसों, मेथी, बथुआ, हरी धनिया और हरा प्याज जैसी सब्जियां न सिर्फ स्वाद में बेहतरीन होती हैं, बल्कि सेहत के लिए भी बेहद फायदेमंद मानी जाती हैं . लेकिन अक्सर देखा जाता है कि इन्हें बाजार से खरीद लाने के कुछ ही दिनों में ये मुरझा जाती हैं या सड़ने लगती हैं. सही जानकारी और थोड़ी सावधानी से पत्तेदार सब्जियों को लंबे समय तक ताजा रखा जा सकता है.

सबसे पहले खरीदारी के समय ध्यान देना बहुत जरूरी है. हमेशा ताजी, हरी और बिना पीले या काले दाग वाली पत्तेदार सब्जियां ही खरीदें. बहुत ज्यादा गीली या पहले से मुरझाई हुई सब्जियां जल्दी खराब हो जाती हैं. कोशिश करें कि सुबह के समय लाई गई सब्जियां खरीदें, क्योंकि उस वक्त वे सबसे ज्यादा ताजा होती हैं.

घर लाने के बाद पत्तेदार सब्जियों को तुरंत धोना एक आम गलती है. धोने से नमी बढ़ जाती है, जिससे सब्जियां जल्दी सड़ने लगती हैं. बेहतर होगा कि सब्जियों को बिना धोए ही पहले छांट लें. खराब या पीले पत्तों को अलग कर दें और सब्जियों को खुली हवा में थोड़ी देर फैला कर रख दें, ताकि उनमें मौजूद अतिरिक्त नमी निकल जाए.
Add News18 as
Preferred Source on Google

पत्तेदार सब्जियों को रखने का सही तरीका भी बहुत अहम है. इन्हें प्लास्टिक के बंद बैग में रखने से बचें. बेहतर है कि किसी सूखे कपड़े या अखबार में लपेटकर फ्रिज की वेजिटेबल ट्रे में रखें. चाहें तो छेद वाले पॉलीबैग या कपड़े के बैग का इस्तेमाल कर सकते हैं, जिससे हवा का आवागमन बना रहे और नमी जमा न हो.

अगर सब्जियों को ज्यादा दिनों तक सुरक्षित रखना है, तो पेपर टॉवल या सूखे कपड़े का इस्तेमाल करें. सब्जियों के ऊपर और नीचे पेपर टॉवल रख देने से अतिरिक्त नमी सोख ली जाती है, जिससे वे ज्यादा समय तक फ्रेश बनी रहती हैं. हरी धनिया और पुदीना जैसी नाजुक सब्जियों के लिए यह तरीका बेहद कारगर है.

इसके अलावा फ्रिज का तापमान भी सही होना चाहिए. बहुत ज्यादा ठंडक से पत्तियां काली पड़ सकती हैं. फ्रिज का सामान्य तापमान पत्तेदार सब्जियों के लिए उपयुक्त रहता है. समय-समय पर सब्जियों को चेक करते रहें और खराब पत्तों को तुरंत निकाल दें, ताकि बाकी सब्जियां खराब न हों. कोशिश करें की पत्तेदार सब्जियां कई दिन रखकर ना बनाएं. अगर किसी कारण देर हो तो रोज उन्हें बाहर निकालें, हवा में रखें और खराब पत्ते अलग करें. इससे वे कुछ दिन चल जाती हैं.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.