Water Lily Growing Tips: अगर आप अपने घर के गार्डन को खूबसूरत बनाना चाहते हैं तो पानी में उगने वाला लिली का फूल एक शानदार विकल्प हो सकता है. यह फूल देखने में कमल जैसा लगता है और इसमें नीले या बैंगनी रंग की पंखुड़ियां और बीच में पीला हिस्सा होता है, जो इसे बेहद आकर्षक बनाता है. खास बात यह है कि इसे एक बार लगाने के बाद इसमें लगभग रोज एक नया फूल खिलता है और ज्यादा देखभाल की भी जरूरत नहीं पड़ती. बस्तर के एक व्यक्ति ने बताया कि कैसे उन्होंने एक साधारण टैंक में इसे लगाकर रोज खिलने वाले खूबसूरत फूल पाए. अगर आप भी अपने गार्डन में पानी वाला पौधा लगाना चाहते हैं तो यह आसान तरीका आपके बहुत काम आ सकता है.
पानी में उगता है यह खूबसूरत फूल
लिली का फूल पानी में उगने वाला पौधा है, इसलिए इसे लगाने का तरीका थोड़ा अलग होता है. यह फूल छोटे गमलों में अच्छी तरह नहीं बढ़ता. इसे ऐसे बड़े टैंक या गमले में लगाना चाहिए जिसमें पौधा करीब दो फीट पानी में डूबा रहे. पानी में उगने की वजह से इसकी खूबसूरती और भी ज्यादा बढ़ जाती है और गार्डन या आंगन का पूरा लुक बदल जाता है.
ऐसे लगाया गया लिली का पौधा
इस विषय पर लोकल 18 की टीम ने शिवकांत बाजपेयी से बात की. उन्होंने बताया कि वे राजनांदगांव से लिली का पौधा लेकर आए थे. उन्होंने एक पुराने और अनुपयोगी टैंक को काटकर उसमें एक चौथाई हिस्से में खाद वाली मिट्टी डाली और बाकी तीन चौथाई हिस्से में पानी भर दिया. उसी मिट्टी में लिली के पौधे की जड़ लगा दी. करीब एक महीने के अंदर पौधे में फूल आने लगे और उसके बाद लगातार फूल खिलते रहे. अब लगभग रोज एक नया फूल खिलता है, जिसका उपयोग वे पूजा में भी करते हैं.
ज्यादा देखभाल की जरूरत नहीं
लिली के पौधे की खास बात यह है कि इसमें ज्यादा देखभाल की जरूरत नहीं होती. शिवकांत बाजपेयी बताते हैं कि अब तक इस पौधे में किसी भी तरह की बीमारी नहीं आई है और इसमें किसी भी तरह के केमिकल का इस्तेमाल भी नहीं किया गया है. जब धूप के कारण टैंक का पानी कम हो जाता है, तो उसमें सामान्य पानी डाल दिया जाता है. बस इतनी सी देखभाल से यह पौधा लगातार फूल देता रहता है.
घर की खूबसूरती बढ़ाने के लिए शानदार पौधा
लिली का फूल सिर्फ पूजा के लिए ही नहीं बल्कि घर की सजावट के लिए भी बहुत अच्छा माना जाता है. पानी में तैरते हुए ये फूल गार्डन या आंगन को बेहद आकर्षक बना देते हैं.
About the Author
Shweta Singh, currently working with News18MPCG (Digital), has been crafting impactful stories in digital journalism for more than two years. From hyperlocal issues to politics, crime, astrology, and lifestyle,…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.