Natural Lizard Repellent Remedies: घर की दीवारों पर रेंगती छिपकलियां न सिर्फ देखने में डरावनी लगती हैं, बल्कि ये गंदगी और बीमारियां भी फैलाती हैं. अक्सर लोग इन्हें भगाने के लिए बाजार में मिलने वाले जहरीले स्प्रे का इस्तेमाल करते हैं, जो बच्चों और पालतू जानवरों के लिए खतरनाक हो सकते हैं. लेकिन आपकी रसोई में ही ऐसी कई चीजें मौजूद हैं जिनकी मदद से आप छिपकलियों को बिना मारे घर से बाहर का रास्ता दिखा सकते हैं. नींबू की खटास से लेकर प्याज की तीखी गंध तक, ये घरेलू उपाय छिपकलियों को घर में टिकने नहीं देंगे.
आप नींबू और लाल मिर्च की मदद से आसानी से छिपकलियों को भगा सकते हैं. दरअसल, नींबू में एसिड होता है और लाल मिर्च का तीखापन छिपकलियों के लिए असहनीय होता है. जब हम इनका मिक्सचर बनाकर स्प्रे करते हैं, तो इसकी गंध उनके सांस लेने के रास्ते में जलन पैदा करती है. यह उन्हें बिना मारे घर से बाहर निकलने पर मजबूर कर देता है और यह पूरी तरह प्राकृतिक तरीका है.

किसी भी ट्रिक को तभी सफल बनाया जा सकता है जब उसे 3 से 4 दिन लगातार इस्तेमाल किया जाए. आपको इस बात का खास ध्यान रखना चाहिए कि किचन में जूठे बर्तन और गंदगी बिल्कुल न छोड़ें. सिंक और स्लैब पर लगने वाले छोटे कीड़े-मकौड़े ही छिपकलियों को दावत देते हैं और उन्हें अपनी तरफ खींचते हैं. अगर घर में कीड़े नहीं होंगे, तो छिपकलियां भी नहीं आएंगी.

छिपकली भगाने के लिए प्याज का इस्तेमाल बहुत पुराने समय से होता आया है. प्याज में सल्फर की मात्रा ज्यादा होती है और इसकी गंध बहुत ही तीखी होती है, जो आंखों में जलन पैदा करती है. छिपकलियों की सूंघने की शक्ति बहुत तेज होती है, इसलिए प्याज के टुकड़े या उसका रस उन्हें उस जगह से दूर रखने में किसी पहरेदार की तरह काम करता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

दादी-नानी के नुस्खों में अंडे के छिलके का उपयोग बहुत मशहूर है. माना जाता है कि अंडे के छिलके देखकर छिपकलियों को यह भ्रम होता है कि वहां उनसे बड़ा कोई शिकारी जीव मौजूद है. यह डर उन्हें उस इलाके में घुसने से रोकता है, जिससे वे बिना किसी शोर-शराबे के खुद ही भाग जाती हैं. अंडे के छिलकों को बार-बार बदलने की जरूरत भी नहीं पड़ती, इसलिए यह एक बहुत ही आसान तरीका है.

कपूर भी छिपकली भगाने का एक बेहतरीन जरिया है. सबसे पहले एक कपड़े में कपूर की गोलियों को लेकर उन्हें किसी पत्थर से पीसकर पाउडर बना लें. इसके बाद एक बर्तन में एक ढक्कन डिटॉल और लगभग 3-4 ढक्कन पानी डालें. इस पूरे मिक्सचर को अच्छे से मिलाकर स्प्रे बोतल में भर लें और खिड़की, दरवाजों व दीवारों के कोनों पर छिड़क दें. इसकी गंध छिपकलियों को कोसों दूर रखती है.

भारतीय खाने में इस्तेमाल होने वाली काली मिर्च से भी छिपकलियां भगाई जा सकती हैं. छिपकलियां तेज मसालेदार गंध से दूर भागती हैं. आप एक स्प्रे बोतल में थोड़ा पानी लें और उसमें 1-1 चम्मच काली मिर्च पाउडर, लाल मिर्च पाउडर और एक नींबू का रस मिला लें. इस मिक्सचर को छिपकलियों के आने-जाने वाले रास्तों पर स्प्रे करें. इस हैक से छिपकलियां आपके घर का रास्ता भूल जाएंगी.

स्प्रे का इस्तेमाल करते समय आपको उन खास जगहों पर ध्यान देना चाहिए जहां छिपकलियां सबसे ज्यादा छिपती हैं. खिड़की के फ्रेम, दरवाजों के पीछे की दरारें, फोटो फ्रेम के पीछे और सिंक के नीचे का हिस्सा उनका मुख्य ठिकाना होता है. इन कोनों में लगातार छिड़काव करने से छिपकलियां वहां अपना डेरा नहीं जमा पातीं और घर छोड़कर भाग जाती हैं.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.