Last Updated:
Holi Color Stains Removal Tips: होली की मस्ती में नए कपड़े खराब हो गए हैं? पूर्णिया के आयुर्वेदाचार्य डॉ. नंदकुमार मंडल ने साझा किया है एक ऐसा घरेलू नुस्खा जिससे कपड़ों पर लगे गहरे और जिद्दी रंग मिनटों में गायब हो जाएंगे. वो बिना किसी महंगे केमिकल के. बस किचन में मौजूद इन चीजों का सही इस्तेमाल करें. जानें क्या है पूरी विधि.
पूर्णिया: रंगों का त्योहार होली आपसी भाईचारे और खुशियों का प्रतीक है. इस दिन लोग पुराने गिले-शिकवे भुलाकर एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाते हैं और जमकर जश्न मनाते हैं. लेकिन होली की मस्ती खत्म होते ही सबसे बड़ी चिंता उन कपड़ों की होती है. जिन पर गहरे और जिद्दी रंग चढ़ जाते हैं. अक्सर लोग महंगे और नए कपड़ों पर लगे दागों को देख परेशान हो जाते हैं. उन्हें साफ करने के लिए कड़े केमिकल्स का सहारा लेते हैं. जिससे कपड़े का फैब्रिक खराब होने का डर रहता है.
अगर आपके भी पसंदीदा कपड़े रंगों से खराब हो गए हैं तो अब आपको परेशान होने की जरूरत नहीं है. पूर्णिया जिला औषधालय केंद्र के प्रसिद्ध आयुर्वेदाचार्य डॉ.नंदकुमार मंडल ने कुछ ऐसे आसान घरेलू नुस्खे साझा किए हैं. जिनसे आप बिना किसी नुकसान के कपड़ों को बिल्कुल नया जैसा बना सकते हैं.
किचन की इन चीजों में छिपा है समाधान
डॉ.नंदकुमार मंडल बताते हैं कि कपड़ों से गहरे रंग छुड़ाने के लिए आपके किचन में मौजूद चीजें किसी जादुई क्लीनर से कम नहीं हैं. केमिकल युक्त ब्लीच के बजाय आप प्राकृतिक चीजों का उपयोग कर सकते हैं.
कपड़े साफ करने के लिए अपनाएं ये स्टेप्स
सबसे पहले एक नींबू, घर में इस्तेमाल होने वाला कोई भी डिटर्जेंट पाउडर और थोड़ा सा बेकिंग सोडा या पाउडर लें. फिर इसका मिश्रण तैयार करें. नींबू के रस और डिटर्जेंट पाउडर को एक साथ अच्छी तरह मिला लें. इसमें थोड़ा सा पानी डालकर एक प्रभावी घोल तैयार करें. रंग लगे कपड़ों को इस मिश्रण वाले पानी में केवल 5 मिनट के लिए डुबोकर छोड़ दें. डॉ.मंडल के अनुसार घंटों भिगोने की जरूरत नहीं है बस 5 मिनट ही पर्याप्त हैं. इसके बाद समय पूरा होने पर दाग वाली जगह को हल्के हाथों से रगड़ें या स्क्रब करें. आप देखेंगे कि गहरे से गहरा रंग भी धीरे-धीरे कपड़े का साथ छोड़ने लगेगा. अंत में कपड़े को साफ ठंडे पानी से धो लें.
केमिकल से बचें, चमक बढ़ाएं
आयुर्वेदाचार्य के अनुसार नींबू में मौजूद सिट्रिक एसिड और डिटर्जेंट का मेल रंगों के कणों को कपड़े के रेशों से अलग कर देता है. इस विधि से न केवल दाग निकल जाते हैं, बल्कि कपड़ों में एक नई चमक भी आ जाती है. तो इस बार होली के बाद अपने रंगीन कपड़ों को फेंकने या खराब समझने के बजाय इस सुरक्षित और सस्ते घरेलू नुस्खे को जरूर आजमाएं.
About the Author
मैंने अपने 12 वर्षों के करियर में इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में काम किया है। मेरा सफर स्टार न्यूज से शुरू हुआ और दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर डिजिटल और लोकल 18 तक पहुंचा। रिपोर्टिंग से ले…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.