Tips To Heal Cracked Heel In Winters: सर्दियों में एड़ियों की देखभाल के लिए कुछ छोटी-छोटी चीजों का ध्यान रखना चाहिए. लापरवाही करने से क्रैक बढ़ सकते हैं जो बाद में दर्द का कारण बनते हैं. घर में मौजूद इन चीजों से ही एड़ी नर्म, मुलायम बन सकती हैं.
सर्दियों के मौसम में त्वचा रूखी हो जाती है और इसका सबसे ज़्यादा असर एड़ियों पर दिखाई देता है. नमी की कमी, ठंडी हवा और गर्म पानी का अधिक इस्तेमाल एड़ियों के फटने का कारण बनता है. इस पर अगर समय पर ध्यान न दिया जाए तो यह समस्या दर्दनाक भी हो सकती है.

पलामू जिले की ब्यूटी एक्सपर्ट अरुणा भसीन ने लोकल18 को बताया कि ठंड के मौसम में एड़ियों की त्वचा में प्राकृतिक ऑयल कम होता है, इसलिए ठंड में ये जल्दी ड्राई हो जाती हैं. नमी की कमी के कारण त्वचा सख्त होकर फटने लगती है. रोज़ाना एड़ी मॉइस्चराइज ना करना इस समस्या को और बढ़ा देता है.

उन्होंने कहा कि एड़ियों को साफ रखने के लिए गुनगुने पानी में पैरों को 10 मिनट भिगोना फायदेमंद होता है. इसके बाद हल्के प्यूमिक स्टोन या फुट फाइलर से मृत त्वचा को धीरे-धीरे हटाएं. ध्यान रहे, ज़्यादा रगड़ने से त्वचा को नुकसान पहुंच सकता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

रात को सोने से पहले नारियल तेल, सरसों तेल या देसी घी से एड़ियों की मालिश बेहद असरदार होती है. चाहें तो शहद और एलोवेरा जेल मिलाकर भी लगाया जा सकता है, इससे त्वचा को पोषण और नमी दोनों मिलती है.

उन्होंने आगे कहा कि दिन में कम से कम दो बार गाढ़ी फुट क्रीम या हील रिपेयर क्रीम लगाएं. खासकर नहाने के बाद और रात में सोने से पहले क्रीम लगाने से नमी लंबे समय तक बनी रहती है.

सर्दियों में एड़ियों को मुलायम बनाए रखने के लिए घर पर ही पेडिक्योर किया जा सकता है. इसके लिए बाजार से सेंधा नमक ले आएं. एक टब में गुनगुना पानी भरकर उसमें एक से दो चम्मच सेंधा नमक मिलाएं और पैरों को इसमें 10 मिनट तक डुबोकर रखें. इसके बाद हल्के हाथों से पैरों की सफाई करें. यह प्रक्रिया हफ्ते में एक बार करने से मृत त्वचा हटती है, रक्त संचार बेहतर होता है और एड़ियां फटने से बचती हैं.

क्रीम या तेल लगाने के बाद सूती मोज़े पहनकर सोने से नमी लॉक हो जाती है और एड़ियां जल्दी ठीक होती हैं. ठंड में नंगे पैर चलने से बचना भी बेहद ज़रूरी है.

त्वचा की सेहत के लिए पर्याप्त पानी पीना जरूरी है, चाहे ठंड ही क्यों न हो. विटामिन-ई, ओमेगा-3 फैटी एसिड और हरी सब्ज़ियों को डाइट में शामिल करने से त्वचा अंदर से हेल्दी रहती है. इन छोटी-छोटी चीजों का ख्याल रखकर आप ठंड में एड़ियों को फटने से और इस दर्द से खुद को बचा सकते हैं.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.