Last Updated:
Gardening Tips: दाल-चावल का पानी, अंडे के छिलके और राख जैसे घरेलू नुस्खे गुलाब में कलियों की संख्या बढ़ा सकते हैं. मिट्टी का pH बैलेंस रखने, हर 25 दिन पर हल्की छंटाई करने और 15 दिन में गुड़-छाछ का घोल देने से पौधा फूलों से भर जाता है.
जमुई: गुलाब के फूल हमारे बगीचे की शोभा बढ़ाते हैं, लेकिन कई बार कुछ कारणों से गुलाब के पौधों में फूल नहीं आते. फूल नहीं लगने से बगीचा सुनसान लगने लगता है. लेकिन अगर आपका गुलाब का पौधा हरा तो है लेकिन उसमें कलियां नहीं बन रहीं, तो आप कुछ घरेलू तरीके से इसे ठीक कर सकते हैं. जमुई में नर्सरी संचालक कनिष्क कुमार बताते हैं कि गुलाब के पौधों में फूल लाने के लिए पौधे को हल्का स्ट्रेस और सही पोषण संकेत देना जरूरी है.
इसके लिए सबसे पहले महीने में एक बार मिट्टी का pH चेक करें. गुलाब 6 से 6.5 pH में बेहतर खिलता है. यदि मिट्टी ज्यादा क्षारीय है तो एक बाल्टी पानी में दो चम्मच सिरका मिलाकर महीने में एक बार दें. इससे pH संतुलन में मदद मिलती है. दूसरा, गमले को हर 10 दिन में 90 डिग्री घुमा दें. इससे हर दिशा में बराबर धूप मिलेगी और कलियां समान रूप से बनेंगी. तीसरा, सुबह की हल्की ओस या स्प्रे से पत्तियों पर सूक्ष्म नमी बनाए रखें, लेकिन शाम को पत्तियां गीली न छोड़ें.
अंडे का छिलका भी आता है काम
कनिष्क ने बताया कि गुलाब के फूल में अंडे का छिलका भी बड़ा काम आता है. उन्होंने बताया कि अंडे के छिलकों को उबालकर उस पानी को ठंडा करके महीने में एक बार डालें. यह कैल्शियम बूस्ट कर देता है और कली मजबूत बनती है. गुड़ और छाछ का घोल तैयार करें. एक लीटर पानी में एक चम्मच गुड़ और दो चम्मच छाछ मिलाकर 15 दिन में एक बार दें. इससे मिट्टी में लाभकारी सूक्ष्मजीव बढ़ते हैं और जड़ें सक्रिय होती हैं. दाल या चावल धोने का पानी सप्ताह में एक बार डालना भी फायदेमंद है, क्योंकि इसमें स्टार्च और सूक्ष्म पोषक तत्व होते हैं. साथ ही, सूखी लकड़ी की राख की एक पतली परत मिट्टी पर छिड़कें. यह पोटैशियम का अच्छा स्रोत है और फूल बनने की प्रक्रिया तेज करता है.
हर 25 दिन में करें छंटाई
कनिष्क ने बताया कि एक और अनोखा तरीका है लाइट प्रूनिंग साइकिल. हर 25 दिन पर हल्की छंटाई करें, सिर्फ 1 से 2 इंच टहनी की टिप काटें. इससे साइड शूट तेजी से निकलते हैं और ज्यादा कलियां बनती हैं. गमले के नीचे ड्रेनेज होल साफ रखें, क्योंकि जड़ों में पानी रुकने से पौधा सिर्फ पत्तियां बढ़ाता है. हफ्ते में एक दिन पानी बिल्कुल न दें, इससे पौधा जड़ों को गहरा करने का संकेत पाता है और फूलिंग हार्मोन सक्रिय होते हैं. कनिष्क ने बताया कि सही धूप, संतुलित नमी और माइक्रोन्यूट्रिएंट की समझ से गुलाब लगातार और भरपूर फूल देता है.
About the Author
मीडिया में 6 साल का अनुभव है. करियर की शुरुआत ETV Bharat (बिहार) से बतौर कंटेंट एडिटर की थी, जहां 3 साल तक काम किया. पिछले 3 सालों से Network 18 के साथ हूं. यहां बिहार और झारखंड से जुड़ी खबरें पब्लिश करता हूं.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.