टीकमगढ़ में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। इस दौरान सड़क सुरक्षा से जुड़े 24 बिंदुओं पर गहन विचार-विमर्श हुआ। पिछली बैठक में रखे गए बिंदुओं की प्रगति रिपोर्ट पर भी चर्चा की गई। बैठक में कलेक्टर विवेक श्रोतिय, एसपी मनोहर मंडलोई, एसडीएम संस्कृति लिटोरिया, तहसीलदार सत्येंद्र गुर्जर, पीडब्ल्यूडी के ईई मनोज दुबे, डीएफओ राजाराम परमार और ट्रैफिक इंचार्ज कैलाश पटेल सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। कलेक्टर विवेक श्रोतिय ने बैठक में कुंडेश्वर मंदिर के बाहर लगे होर्डिंग को तत्काल हटाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही, शहर के अंबेडकर चौराहा और अस्पताल चौराहा को मॉडल चौराहे के रूप में विकसित करने की योजना बनाई गई। इन चौराहों पर सोलर ट्रैफिक सिग्नल लगाए जाएंगे और रोड इंजीनियरिंग की मदद से विकास कार्य किए जाएंगे। हॉकर जोन पर हुई चर्चा समिति ने शहर में ऑटो स्टैंड के लिए स्थान चिन्हांकित करने और हाथ ठेला, चाट और फल विक्रेताओं के लिए हॉकर जोन निर्धारित करने पर भी चर्चा की। आवारा पशुओं के प्रबंधन, कोतवाली तिराहा और मिश्रा तिराहा के पार्कों का पुनर्विकास कर वाहनों के निकास के लिए बायां मोड़ उपलब्ध कराने का प्रस्ताव भी रखा गया। अंबेडकर चौराहा से नया बस स्टैंड के बीच के मार्ग की मरम्मत, सागर बायपास रोड पर प्रकाश व्यवस्था, रोड मार्किंग और साइन बोर्ड लगाने का काम भी प्रस्तावित है। मल्टीस्टोरी पार्किंग का सुझाव हनुमान चालीसा मंदिर से पुरानी टेहरी वाले मार्ग की पुलिया पर रेलिंग का निर्माण किया जाना है। ट्रांसपोर्ट नगर, थोक सब्जी मंडी और मैकेनिक शॉप जैसी सुविधाओं को शहरी क्षेत्र से बाहर एक साथ स्थापित करने पर भी चर्चा हुई। मिश्रा तिराहे पर कोतवाली के गेट के बाईं ओर स्थित नजाई मंडी को भविष्य में मल्टीस्टोरी पार्किंग के रूप में विकसित करने का सुझाव दिया गया। नजाई मंडी से फुटकर गल्ला मंडी को ढोंगा ग्राउंड या अनाज मंडी में स्थानांतरित करने का प्रस्ताव भी रखा गया। नगर परिषद जतारा में बायपास मार्ग का निर्माण पूरा हो चुका है। यहां मुख्य बाजार की सड़क के दोनों ओर सभी प्रकार के मालवाहक यानों और यात्री बसों का आवागमन सुबह 8 बजे से रात 9 बजे तक प्रतिबंधित करने का प्रस्ताव रखा गया। इसके अतिरिक्त, शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के मुख्य मार्गों पर रोड मार्किंग, कैट आई सोलर स्टड, ट्री-रिफ्लेक्टर और स्पीड ब्रेकर लगाने पर जोर दिया गया।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.