लुधियाना कमिश्नरेट एरिया में गोली चलना अब तो आम बात हो गई है। रोजाना कहीं न कहीं से गोली चलने की सूचना मिल रही है। अभी टिब्बा रोड एरिया में गोली चलने की घटना सुलझी नहीं कि सोमवार की देर रात को सिविल सिटी स्थित चंद्र नगर एरिया में कपड़े की दुकान के बाहर बाइक सवारों ने गोलियां चला दी। आरोपियों ने चार से पांच फायर किए और वहां से फरार हो गए। घटना दुकान बंद किए जाने के बाद की है। गोली चलने की आवाज सुन आस-पास के लोग बाहर निकले, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो गए थे।
सुबह जब दुकान मालिक दुकान खोलने के लिए पहुंचे तो दुकान के बाहर गोलियों के खोल पड़े थे। इसकी जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के बाद थाना हैबोवाल की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज चेक की तो उसमें गोली चलाने वाले कैद थे। पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
दुकान मालिक हिमांशु ने बताया कि उनकी डस्टी लुक के नाम से कपड़े की दुकान है। वह रोजाना रात करीब 10 बजे दुकान बंद कर घर चले जाते हैं। देर रात को दुकान बंद करने के बाद उनकी दुकान के बाहर किसी ने गोलियां चलाई। गोलियां चलाने वाले कौन थे उन्हें पता नहीं। हिमांशु ने बताया कि वह सुबह दुकान खोलने के लिए आए तो बाहर खोल पड़े थे। जिस कारण वह डर गए। उन्होंने आस-पास के लोगों को बुलाया तो किसी ने बताया कि रात कुछ पटाखे चलाने की आवाज तो सुनी थी, लेकिन यह नहीं पता था कि गोलियां चली है।
हिमांशु ने दुकान खोली और सीसीटीवी फुटेज चेक की तो पता चला कि गोलियां चलाई गई है। बाइक सवार यह वारदात को अंजाम देकर गए है। जिसके बाद हिमांशु ने इसकी शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच कर जांच शुरु कर दी। सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेने के साथ साथ आस-पास के फुटेज भी चेक किए जा रहे है ताकि बाइक सवारों का पता लगाया जा सके। पुलिस हिमांशु से भी पूछताछ करने में जुटी है कि कहीं उसकी किसी से कोई कहासुनी तो नहीं हुई या फिर कोई पुरानी दुश्मनी तो नहीं।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.