बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के पंडुकी बस्ती में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये की चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरों ने पंडुकी बस्ती निवासी जमुना प्रसाद पाण्डेय उर्फ बब्लु पाण्डेय के आवास में धावा बोला।
घटना के वक्त पूरा परिवार निरसा के पिठाई कियारी बस्ती स्थित ससुराल गया हुआ था। रात के अंधेरे में चोरों ने मुख्य द्वार का ताला तोड़ा और आसानी से घर के अंदर प्रवेश कर गए। सुबह जब पड़ोसियों की नजर टूटे हुए दरवाजे पर पड़ी, तो उन्होंने तत्काल गृहस्वामी को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिवार वापस लौटा और घर के अंदर का नजारा देखकर होश उड़ गए।
केवल अलमारी को बनाया निशाना
पीड़ित जमुना प्रसाद पाण्डेय ने बताया कि चोर सीधे कमरे में रखी अलमारी तक पहुंचे और उसे तोड़कर उसमें रखे कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने करीब 30 हजार रुपए नकद के अलावा सोने-चांदी के बहुमूल्य आभूषण चुरा लिए। चोरी गए आभूषणों में सोने की चेन, लॉकेट, दो कानबाली, दो अंगूठी, एक मंगलसूत्र और एक मांगटीका शामिल हैं।
इसके अलावा चांदी की छह जोड़ी पायल, छह चांदी की चेन और नाक की बेसर भी चोर अपने साथ ले गए। खास बात यह रही कि घर में मौजूद अन्य सामानों को चोरों ने छुआ तक नहीं, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि वे पूरी रेकी और तैयारी के साथ आए थे। उन्हें अलमारी में रखे सामान की जानकारी पहले से थी।
खंगाले जा रहे सीसीटीवी, पुलिस जांच में जुटी
घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने बरवाअड्डा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घर का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही चोरी का खुलासा कर लिया जाएगा। इधर, पंडुकी बस्ती में इस घटना के बाद लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.