बलरामपुर। नेपाल सीमा से सटे व मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में होली के मद्देनजर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पूरे जिले को चार जोन और नौ सेक्टर में विभाजित कर निगरानी बढ़ाई गई है। दो हजार से अधिक सीसीटीवी कैमरों को सक्रिय किया गया है। सोमवार को सीमा पर निगरानी के लिए गस्त के साथ ही आवाजाही पर नजर रही। वहीं शहर के साथ ही पुलिस ने फ्लैग मार्च किया। होली पर कोई अनहोनी न होने पाए, इसके लिए पूरे जिले में 300 से अधिक पुलिस टीमों को सक्रिय किया गया है।
होली का उल्लास सोमवार से ही दिखाई देने लगा। दोपहर में कई स्थानों पर लोगों ने रंग खेलकर पर्व का आगाज किया। नगर निकायों व 793 ग्राम पंचायतों में 2100 स्थानों पर होलिका दहन किया गया। झारखंडी मंदिर के महंत सोनू गिरी ने बताया कि रात 11 बजे से होलिका जलाकर पूजन शुरू किया गया। होलिका में उपले, लकड़ी व अबीर-गुलाल डालकर विधि-विधान से पूजन कियागया। होलिका दहन के बाद लोगों को अबीर-गुलाल लगाकर होली उत्सव का शुभारंभ किया।
वहीं प्रशासन के मुताबिक बलरामपुर नगर निकाय में 105, उतरौला में 65 व तुलसीपुर में 101 सहित जिले भर में 2100 स्थानों पर होलिका दहन हुई है। सभी स्थलों पर नगर पालिका व स्थानीय प्रशासन की तरफ से लकड़ियां उपलब्ध कराई गईं। इसके साथ ही एसपी विकास कुमार ने बताया कि होलिका दहन स्थानों पर भी सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। सीएमओ डॉ. मुकेश रस्तोगी ने बताया कि जिला अस्पताल में 50 तो नौ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर 10-10 अतिरिक्त बेड आरक्षित किए गए हैं। पूरे जिले में 70 से अधिक एंबुलेंस को सक्रिय किया गया है, ताकि किसी भी सूचना पर तत्काल सहायता मिल सके।
रंगों से सराबोर रहा बाजार, कल उड़ेंगे अबीर-गुलाल
बलरामपुर। होली से दो दिन पहले होलिका दहन के दिन ही बाजार रंगों से सराबोर रहा। रंग, पिचकारी, अबीर-गुलाल, कपड़े व जूता-चप्पल सहित अन्य सामानों की खरीदारों के लिए भारी भीड़ जुटी। होली को लेकर युवा, बुजुर्ग व महिलाएं सभी उत्साहित हैं। चारों तरफ होली का खुमार छाया है।
होलिका दहन को लेकर बाजार में सुबह से ही चहल-पहल दिखी। खरीदारी के लिए देर शाम तक लोग दुकानों पर जुटे रहे। नगर के मुख्य बाजार में जगह-जगह अबीर-गुलाल, रंग, पिचकारी की दुकानें सजी हुई हैं। बच्चों व युवा टैंक वाली पिचकारी, फैंसी पिचकारी, रंगीन गुब्बारे, मुखौटे, टोपी, रंगीन चश्मे और होली स्पेशल कपड़ों की खरीदारी की। नईबस्ती के आकाश व शिवानी ने बताया कि उन्होंने भाई के लिए पिचकारी व हर्बल गुलाल खरीदा है।
रंग दुकानदार राजन मोदनवाल ने बताया कि इस समय हर्बल गुलाल की ज्यादा डिमांड है। फॉग वाले रंगों की खरीदारी भी लोग कर रहे हैं। इसी तरह तुलसीपुर के नई बाजार, थाना मोड़, नई बाजार चौक, कलश चौराहा, पूरवा, मिल चुंगी नाका और देवी पाटन क्षेत्र में दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ दिखी। दुकान पर रखें आकर्षक पिचकारी, मुखौटा व टोपी की लोगों ने खरीदारी की।
घर जाने के लिए रही अफरा-तफरी
सोमवार को होली मनाने के लिए घर जाने के लिए सवारी ढ़ूढ़ने में अफरा-तफरी का माहौल रहा। नगर के रोडवेज बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन व प्राइवेट बस स्टैंड पर यात्रियों की भीड़ दिखी। बस आते ही चढ़ने के लिए सवारियों का भीड़ उमड़ती रही। रोडवेज स्टेशन पर खड़े राधिका प्रसाद ने बताया कि उन्हें अकबरपुर जाना है, अयोध्या के बस की इंतजार कर रहे हैं। सोनम तिवारी ने बताया कि उन्हें करनैलगंज जाना है, लखनऊ के बस का इंतजार कर रहे हैं।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.