चरखी दादरी। नगर परिषद की ओर से आगामी वित्त वर्ष 2026-27 के लिए करीब 59 करोड़ रुपये के प्रस्तावित बजट को स्वीकृति प्रदान की जाएगी। इस बजट को स्वीकृति देने के लिए आगामी 13 मार्च को नगर परिषद हाउस की बैठक बुलाई गई है। वहीं बजट पर विचार-विमर्श के लिए शुक्रवार को नगर परिषद कार्यालय परिसर में बैठक का आयोजन किया गया। चेयरमैन बक्शीराम सैनी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विभिन्न वार्डों के पार्षद, पार्षद प्रतिनिधि व नप के अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान पार्षदों ने सफाई व्यवस्था व विकास कार्यों को लेकर सवाल भी उठाए।
दिसंबर 2025 तक 22 करोड़ की हुई आय और खर्च हुए 21 करोड़
बैठक में नगर परिषद के अधिकारियों ने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 के लिए नगर परिषद की अनुमानित आय 39 करोड़ और अनुमानित खर्च करीब 38 करोड़ रुपये था। उन्होंने बताया कि 31 दिसंबर 2025 तक नगर परिषद को विभिन्न स्रोतों से करीब 22 करोड़ रुपये की आय हो चुकी है और करीब 21 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। अधिकारियों ने बताया कि पिछले माह फरवरी में प्रापर्टी टैक्स काफी जमा करवाया गया है। ऐसे में 31 मार्च तक नगर परिषद की अनुमानित आय में और वृद्धि हो सकेगी।
पार्षदों ने उठाए सवाल
बजट पर विचार-विमर्श को लेकर आयोजित बैठक के दौरान कुछ पार्षदों ने कार्यप्रणाली को लेकर सवाल भी उठाए। वार्ड नौ के पार्षद विनोद सिंहमार ने कहा कि उनके वार्ड में विकास कार्य अधूरे पड़े हैं और नगर परिषद द्वारा इसका भुगतान भी कर दिया गया। उन्होंने कहा कि भुगतान से पहले संबंधित वार्ड पार्षद के हस्ताक्षर होने चाहिए।
वार्ड 10 के पार्षद मनोज वर्मा ने कहा कि उनके वार्ड में बनाई गई गली के दौरान निम्न गुणवत्ता की निर्माण सामग्री का प्रयोग किया गया है। वार्ड दो के पार्षद प्रतिनिधि नरेंद्र दहिया ने कहा कि उनके वार्ड में सफाई व्यवस्था चरमराई हुई है। पिछले दो दिन से वार्ड में सफाई कर्मचारी नहीं आ रहे हैं।
वार्ड 20 के पार्षद प्रतिनिधि विरेंद्र सांगवान चरखी ने कहा कि उनके वार्ड में सफाई व्यवस्था चरमराई हुई है। विकास कार्य ठप पड़े हैं। वार्ड में सीवरेज से निकले कचरे को सफाई कर्मचारी साफ नहीं करते। जिसके कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
13 मार्च को होगी बैठक
दादरी नगर परिषद के चेयरमैन बक्शीराम सैनी ने कहा कि आगामी वित्त वर्ष के लिए करीब 59 करोड़ रुपये का अनुमानित बजट 13 मार्च को आयोजित होने वाली बैठक में रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि आगामी वित्त वर्ष में सरकार से करीब 20 करोड़ रुपये की ग्रांट मंजूर करवाई जाएगी जिससे शहर में जिला स्तरीय पुस्तकालय, सड़कों के नवीनीकरण, गोशालाओं, रामबाग आदि की मरम्मत करवाने के साथ-साथ अन्य विकास कार्यों को भी अमलीजामा पहनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि बजट पर विचार-विमर्श को लेकर ही बैठक का आयोजन किया गया। जिससे शहर के विकास को और तेजी से आगे बढ़ाया जा सके।
ये रहे मौजूद
बैठक में चेयरमैन बक्शीराम सैनी, वाइस चेयरमैन संदीप फोगाट, पार्षद विनोद वाल्मीकि, पार्षद सतबीर चौहान, पार्षद विनोद सिंहमार, पार्षद जयसिंह लांबा, पार्षद मनोज वर्मा, मनोनीत पार्षद अश्वनी भारद्वाज, पार्षद प्रतिनिधि नरेंद्र दहिया, विरेंद्र सांगवान चरखी, जतिन फोगाट आदि भी मौजूद रहे।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.