कोडरमा थाना क्षेत्र के बरसोतियाबर में एक वृद्ध महिला ठगी का शिकार हो गईं। दो ठग सोने के आभूषण साफ करने के बहाने उनके दो जोड़ी कंगन लेकर फरार हो गए।
पीड़िता के पुत्र धीरेंद्र कुमार सिंह ने इस संबंध में कोडरमा थाना में आवेदन दिया है और जांच की मांग की है। आवेदन के अनुसार, यह घटना मंगलवार दोपहर करीब ढाई बजे हुई, जब उनकी मां घर के बाहर बैठी थीं।
इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार होकर दो व्यक्ति वहां पहुंचे। उन्होंने महिला से कहा कि वे पुराने बर्तन, सोने और चांदी के आभूषणों की सफाई करते हैं, जिससे उनमें नई जैसी चमक आ जाती है। महिला ने पहले तो आभूषण साफ करवाने से मना कर दिया और उन्हें जाने को कहा।
दोनों ठग कंगन लेकर मौके से फरार हो गए
हालांकि, बातों ही बातों में उन ठगों ने महिला के दोनों हाथों में पहने हुए दो जोड़ी सोने के कंगन उतार लिए। जब महिला ने इसका विरोध किया और शोर मचाना शुरू किया, तब तक दोनों ठग कंगन लेकर मौके से फरार हो चुके थे।
घर और आसपास के लोग जब तक वहां पहुंचते, ठग कोडरमा बाजार की ओर काफी दूर निकल चुके थे। चोरी हुए कंगन का वजन लगभग 20 ग्राम बताया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख रुपए से अधिक है।
कोडरमा पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि ठगों का पता लगाया जा सके।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.