सरगुजा जिले के उदयपुर से लगे झिरमिटी में अंग्रेजी शराब दुकान खोलने का ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया गया है। सरपंच सहित झिरमिटी के ग्रामीण मंगलवार को कलेक्टोरेट पहुंचे और ग्रामसभा के प्रस्ताव को फर्जी बताते हुए गांव में शराब दुकान खोलने का विरोध किया। पंचायत के सरपंच ने कहा कि आबकारी विभाग को भेजे गए पंचायत के प्रस्ताव में उनके हस्ताक्षर फर्जी हैं। इधर आबकारी अधिकारी ने कहा कि शराब दुकान खोलने की प्रक्रिया पूरी हो गई है। जानकारी के मुताबिक, सरगुजा जिले के उदयपुर में अंग्रेजी शराब दुकान खोलने के लिए आबकारी विभाग ने प्रक्रिया पूरी कर ली है। आबकारी विभाग के अधिकारी-कर्मचारी शराब दुकान खोलने के लिए सोमवार को स्थल देखने झिरमिटी पहुंचे तो पंचायत के लोगों को पता चला कि झिरमिटी में शराब दुकान खोला जाना है। इससे ग्रामीण आक्रोशित हो गए। दुकान का विरोध, कलेक्टर के नाम सौंपा ज्ञापन
झिरमिटी के सरपंच सहित ग्रामीण बड़ी संख्या में मंगलवार को कलेक्टोरेट पहुंचे और कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। सरपंच चंदन एक्का ने बताया कि आबकारी विभाग द्वारा पंचायत में शराब दुकान खोलने के लिए जो अनापत्ति एवं प्रस्ताव दस्तावेजों के साथ लगाया गया है, वह जानकारी में ही नहीं है। सरपंच चंदन एक्का ने बताया कि पंचायत के प्रस्ताव में उनका हस्ताक्षर फर्जी है। वे हिंदी में हस्ताक्षर करते हैं, जबकि प्रस्ताव में अंग्रेजी में हस्ताक्षर किया गया है। पंचायत में शराब दुकान खोलने से बच्चों एवं युवाओं पर गलत असर पड़ेगा। पंचायत के लोग नहीं चाहते कि गांव में शराब दुकान खुले। महिला किरण एक्का ने कहा कि पंचायत में शराब दुकान नहीं खुलने दिया जाएगा। इससे गांव का माहौल अशांत हो जाएगा। पूरी हो चुकी है प्रक्रिया, करेंगे जांच-गायकवाड़
जिला आबकारी अधिकारी एलसी गायकवाड़ ने कहा कि नेशनल हाईवे में लखनपुर के बाद कोरबा जिले के कटघोरा में शराब दुकान है। कई किलोमीटर ड्राई एरिया होने के कारण उदयपुर के झिरमिटी में शराब दुकान प्रस्तावित है। इसकी प्रक्रिया एक वर्ष से चल रही है और पूरी हो चुकी है। गायकवाड़ ने कहा कि सरपंच यदि कह रहे हैं कि प्रस्ताव फर्जी है तो इसकी जांच कराई जाएगी। सचिव से भी बात करेंगे। उन्होंने दावा किया कि क्षेत्र में अवैध शराब बेचने वाले लोग नहीं चाहते हैं कि उदयपुर में शराब दुकान खुले, इसलिए इसका विरोध हो रहा है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.