Chhattisgarh Budget 2026: छत्तीसगढ़ सरकार ने वर्ष 2026 का बजट पेश किया, जिसमें महिलाओं के सशक्तिकरण को प्राथमिकता दी गई है. विशेष रूप से स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी लखपति दीदियों के लिए बजट में अहम प्रावधान किए गए हैं. महिलाओं ने इस पहल को राहतभरी और भविष्य के लिए उम्मीद जगाने वाली बताया.
राज्य भ्रमण और उद्योग प्रशिक्षण से मिलेगा नया अवसर
ग्राम पंचायत सकालों की रहने वाली लखपति दीदी इलीमा राय ने लोकल 18 से बातचीत में बताया कि बजट में लखपति दीदियों पर विशेष ध्यान दिया गया है. उन्होंने कहा कि इसके तहत दीदियों को अलग-अलग राज्यों में भ्रमण कराया जाएगा जहां उन्हें उद्योग नीति की जानकारी मिलेगी और यह समझाया जाएगा कि किस तरह उद्योग और व्यवसाय के माध्यम से आगे बढ़ा जा सकता है.
स्वयं सहायता समूह से बदली आर्थिक हालत
इलीमा राय ने बताया कि पहले उनकी आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर थी लेकिन स्वयं सहायता समूह से जुड़ने के बाद आज लगभग सभी दीदियां आत्मनिर्भर बन चुकी हैं और लखपति दीदी की श्रेणी में आ गई हैं. उन्होंने कहा कि राज्य भ्रमण और उद्योग प्रशिक्षण से महिलाएं और अधिक सक्षम होंगी, जिससे उनकी आय और आत्मविश्वास दोनों बढ़ेंगे.
महिलाओं के लिए बजट बना बड़ी राहत
ग्राम पंचायत किसुन नगर की रहने वाली आशा रवि ने बताया कि महिलाओं और लखपति दीदियों के लिए पेश किया गया यह बजट उनके लिए बड़ी राहत लेकर आया है. इस योजना के जरिए उन्हें अपनी आजीविका गतिविधियों को और बेहतर बनाने का अवसर मिला है. आज वे अपने बच्चों को अच्छे स्कूलों में पढ़ा पा रही हैं और उनके घर की स्थिति में पहले की तुलना में काफी सुधार हुआ है.
घर की चारदीवारी से समाज में पहचान तक
आशा रवि ने कहा कि पहले उनका जीवन सिर्फ घर के कामकाज तक सीमित था और समाज में कोई पहचान नहीं थी. लेकिन समूह से जुड़ने के बाद उन्हें पहचान मिली और घर से बाहर निकलकर काम करने का मौका मिला. योजना के तहत उन्होंने गाय पालन और बकरी पालन जैसे कार्य शुरू किए जिससे वे आज लखपति दीदी की श्रेणी में शामिल हो सकीं.
बजट से बढ़ेगा महिलाओं का आत्मविश्वास
इसी क्रम में दीप्ति चौधरी ने भी बजट पर खुशी जताई. उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए किए गए विशेष प्रावधानों से उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार आएगा. जो महिलाएं पहले घर से बाहर नहीं निकल पाती थीं, वे अब अपनी आजीविका बढ़ाने के लिए आगे आएंगी नया ज्ञान प्राप्त करेंगी और आर्थिक रूप से और सशक्त बनेंगी.
About the Author
Deepti Sharma, currently working with News18MPCG (Digital), has been creating, curating and publishing impactful stories in Digital Journalism for more than 6 years. Before Joining News18 she has worked with Re…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.