सूरजपुर जिले में फेयरवेल पार्टी में DAV पब्लिक स्कूल के स्टूडेंट्स ने चारपहिया वाहनों से नेशनल हाईवे पर स्टंट किया। पांच चारपहिया वाहनों में सवार स्टूडेंट नेशनल हाईवे में खतरनाक तरीके से लटककर हुटर बजाते हुए गुजरे। इसका वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। मामले में तत्काल पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच वाहनों को जब्त कर लिया है। मामला विश्रामपुर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, सोमवार को DAV पब्लिक स्कूल विश्रामपुर में फेयरवेल का आयोजन किया गया था। फेयरवेल में शामिल होने के लिए DAV के स्टूडेंट्स ने पांच गाड़ियों में सवार होकर नेशनल हाईवे से हूटर बजाते हुए रैली निकाली। इस दौरान स्टूडेंट्स वाहनों के बाहर खतरनाक तरीके से लटके रहे। स्टूडेंट्स ने स्टंट करते हुए वीडियो भी रिकार्ड कराया और वीडियो सोशल मीडिया में पोस्ट कर दिया। स्कूल पहुंची पुलिस, पांच गाड़ियां जब्त
मामले का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गया। पुलिस को इसकी सूचना मिली तो विश्रामपुर पुलिस तत्काल डीएवी स्कूल पहुंची। स्टंट में शामिल पांच गाड़ियां स्कूल के बाहर खड़ी मिली, लेकिन वाहनों में सवार स्टूडेंट्स नहीं मिले। बताया गया है कि जिन गाड़ियों से स्टूडेंट्स ने स्टंट किया, वे उनके परिजनों की है। गाड़ियों को स्कूली स्टूडेंट ही चला रहे थे। पुलिस ने स्कूल के बाहर स्कार्पियो, क्रेटा, डस्टर, किया सेल्टॉस सहित पांच गाड़ियों को जब्त कर लिया गया है। जांच अधिकारी विश्रामपुर थाने के एसआई विष्णुदेव पैकरा ने बताया कि गाड़ियां चलाने वाले मौके पर नहीं मिले। सभी वाहनों के स्वामियों को तलब किया गया है। सभी वाहनों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। फेयरवेल पर स्टंट का बढ़ता क्रेज
प्रदेश के कई स्थानों से फेयरवेल पार्टी पर स्टंट के वीडियो सामने आए हैं। सूरजपुर के भुवनेश्वरपुर में भी ट्रैक्टर एवं कार में सवार होकर स्टंट किया था। हालांकि यह स्टंट गांव की गली में किया गया था एवं बच्चे ट्रैक्टर एवं कार में सवार होकर स्कूल तक पहुंचे थे। इस मामले में कार्रवाई नहीं हुई है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.