Last Updated:
Gaya Anish Kumar Story: बिहार के गया जिले के अनीश कुमार का चयन पंजाब किंग्स के नेट बॉलर के रूप में होने की पूरी उम्मीद है. लुधियाना ट्रायल में 350 खिलाड़ियों के बीच अपनी मिस्ट्री स्पिन से सबको प्रभावित करने वाले अनीश कभी आरसीबी का हिस्सा बनते-बनते रह गए थे. इन्होंने 18 फरवरी को लुधियाना में ट्रायल दिया है. जिसमें 6 खिलाड़ियों का चयन अंतिम रूप से किया जाएगा. जानिए उनके संघर्ष और सफलता की कहानी.
गयाजी: बिहार की धरती ने एक बार फिर खेल जगत को एक चमकता हुआ सितारा दिया है. गया शहर के केवाली निवासी 31 वर्षीय अनीश कुमार जल्द ही आईपीएल (IPL) की टीम पंजाब किंग्स के नेट बॉलर के रूप में मैदान पर नजर आ सकते हैं. 18 फरवरी को लुधियाना में आयोजित ट्रायल में अनीश ने अपनी गेंदबाजी से चयनकर्ताओं और खिलाड़ियों को खासा प्रभावित किया है.
350 खिलाड़ियों के बीच दिखाई प्रतिभा
लुधियाना में आयोजित इस ट्रायल कैंप में देशभर से लगभग 350 से अधिक प्रतिभाशाली खिलाड़ी शामिल हुए थे. कड़े मुकाबले के बीच केवल 6 खिलाड़ियों का अंतिम चयन होना है. जिसमें अनीश कुमार का नाम सबसे आगे चल रहा है. ट्रायल के दौरान अनीश ने आईपीएल स्टार नेहाल बढेरा को करीब 8 गेंदें फेंकी. उनकी धारदार मिस्ट्री लेग स्पिन को देखकर नेहाल बढेरा भी चकित रह गए. उन्होंने सार्वजनिक रूप से अनीश की गेंदबाजी की सराहना की.
संघर्षों से भरा रहा है सफर
अनीश का क्रिकेट सफर आसान नहीं रहा है. एक मध्यमवर्गीय परिवार से आने वाले अनीश के पिता बाबूचंद एक निजी शिक्षक हैं. माता नीलम देवी गृहणी हैं. अनीश ने महज 10 साल की उम्र में क्रिकेट का बल्ला थामा था. बारीकियां सीखने के लिए वे कोलकाता भी गए. जहां उन्होंने ड्यूज बॉल से खेलना शुरू किया. बाद में वे अपने गांव लौट आए और यंग बॉयज क्रिकेट अकादमी से जुड़कर अभ्यास जारी रखा.
किस्मत ने दिया धोखा, पर नहीं खोया हौसला
यह पहली बार नहीं है जब अनीश ने आईपीएल की दहलीज पर दस्तक दी है. इससे पहले साल 2022 में उन्हें रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के नेट बॉलर के रूप में शॉर्टलिस्ट किया गया था. लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था. कोरोना महामारी के कारण वे उस कैंप में शामिल नहीं हो सके. हाल ही में घर लौटते वक्त उन्हें उम्मीद थी कि हेमंत ट्रॉफी के लिए उनका चयन होगा. लेकिन वहां भी उन्हें नजरअंदाज कर दिया गया. बावजूद इसके, अनीश का हौसला अडिग है.
पेस बॉलर से मिस्ट्री स्पिनर बनने की कहानी
अनीश कुमार की खासियत उनकी राइट आर्म मिस्ट्री लेग स्पिन है. दिलचस्प बात यह है कि उन्होंने अपने करियर की शुरुआत एक तेज गेंदबाज के रूप में की थी. लेकिन बिहार के वरिष्ठ खिलाड़ियों की सलाह पर उन्होंने स्पिन गेंदबाजी शुरू की. वे आईपीएल खिलाड़ी वरुण चक्रवर्ती को अपना आदर्श मानते हैं. उन्हीं की शैली में गेंदबाजी करते हैं. पिछले साल एक टूर्नामेंट के दौरान उन्होंने बिहार रणजी टीम के खिलाड़ियों के खिलाफ खेलते हुए 6 विकेट चटकाकर अपनी प्रतिभा साबित की थी.
कोच और शहरवासियों को है भरोसा
अनीश न केवल खुद खेलते हैं, बल्कि मैदान पर छोटे बच्चों को प्रशिक्षण भी देते हैं. उनके कोच राजेश कुमार एडी का कहना है कि अनीश एक बेहद मेहनती और अनुशासित खिलाड़ी हैं. उनमें बड़े स्तर पर खेलने की पूरी क्षमता है. वह दिन दूर नहीं जब वे आईपीएल की मुख्य टीम का हिस्सा होंगे. अनीश का सपना है कि वे भी अपने आदर्श वरुण चक्रवर्ती की तरह आईपीएल के मुख्य मंच पर खेलें और देश का प्रतिनिधित्व करें. गया के इस लाल की सफलता के लिए पूरा जिला दुआएं कर रहा है.
About the Author
मैंने अपने 12 वर्षों के करियर में इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में काम किया है। मेरा सफर स्टार न्यूज से शुरू हुआ और दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर डिजिटल और लोकल 18 तक पहुंचा। रिपोर्टिंग से ले…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.