हाथरस जिले में आज दो दिवसीय यूपी पुलिस एसआई परीक्षा शुरू हो गई है। परीक्षा के लिए प्रशासन और पुलिस विभाग ने पूरी तैयारियां की हैं। परीक्षा को शांतिपूर्ण और नकलविहीन कराने के लिए शहर में 13 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। प्रत्येक पाली में 3360 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं, जबकि दो दिनों में कुल 13,440 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।
परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी भी है। 13 मार्च को पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने सभी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान केंद्र व्यवस्थापकों को आवश्यक निर्देश दिए गए, ताकि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
परीक्षा के लिए शहर में आने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यातायात व्यवस्था और सुरक्षा के भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। डीएम अतुल वत्स ने बताया कि परीक्षा के लिए तैयारी पूर्ण कर ली गई हैं। परीक्षार्थियों के आवागमन को लेकर हेल्प डेस्क तैयार की गई हैं।