पंचकूला। जिले के राजकीय विद्यालयों में लगातार अनुपस्थित रहने वाले विद्यार्थियों को अब छात्रवृत्ति का लाभ नहीं मिलेगा। बिना बताए महीनों तक स्कूल से गैर-हाजिर रहने वाले विद्यार्थियों पर शिक्षा विभाग ने सख्ती दिखाते हुए सभी प्रकार की छात्रवृत्तियां रोकने के आदेश जारी किए हैं। छात्रवृत्ति की राशि अब केवल उन छात्रों को दी जाएगी जो समय पर उपस्थित रहेंगे। विभाग का मानना है कि यह कदम स्कूलों में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने, शिक्षा व्यवस्था मजबूत करने और ड्रॉपआउट दर कम करने में बड़ी भूमिका निभाएगा।
पंचकूला जिला शिक्षा अधिकारी संध्या मलिक ने बताया कि सभी खंड शिक्षा अधिकारियों और विद्यालय प्रमुखों को निर्देशित किया है कि विद्यार्थियों की उपस्थिति का रिकॉर्ड नियमित रूप से जांचा जाए। जिन विद्यार्थियों की उपस्थिति निर्धारित सीमा से कम है या जो लगातार कई दिनों तक स्कूल नहीं आ रहे, उनके नाम की सूची कार्यालय में भेजनी होगी। इन्हीं सूचियों के आधार पर छात्रवृत्ति रोकने की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
विद्यार्थी तीन दिन विद्यालय नहीं आता तो अध्यापक माता-पिता से करें संपर्क
अगर कोई छात्र बिना किसी वैध कारण के 10 दिन से अधिक समय तक स्कूल से अनुपस्थित रहता है तो उसका नाम ड्राॅपआउट रजिस्टर में दर्ज किया जाएगा। स्कूल प्रशासन को छात्रों की अनुपस्थिति की निगरानी करनी होगी। अगर कोई विद्यार्थी लगातार तीन दिन विद्यालय नहीं आता है तो कक्षा अध्यापक को तुरंत उसके माता-पिता से संपर्क कर अनुपस्थिति का कारण जानना होगा। सात दिन तक लगातार अनुपस्थित रहने वाले विद्यार्थियों की सूचना एमआईएस पोर्टल पर दर्ज करनी होगी जिसकी साप्ताहिक समीक्षा विभाग की ओर से की जाएगी। प्रत्येक विद्यालय को 75 प्रतिशत उपस्थिति मानक से कम उपस्थित विद्यार्थियों की सूची तैयार करनी होगी। पहले ऐसे विद्यार्थियों को नोटिस भेजा जाएगा और अभिभावकों को मीटिंग के माध्यम से अवगत कराया जाएगा। यदि सुधार नहीं हुआ तो छात्रवृत्ति अगले आदेश तक निलंबित कर दी जाएगी।
विभाग की पड़ताल में बड़ा खुलासा
शिक्षा विभाग की जांच में सामने आया है कि कई विद्यार्थी पूरे सत्र में सिर्फ कुछ दिनों के लिए स्कूल आते हैं, फिर भी पूरे वर्ष छात्रवृत्ति का लाभ ले जाते हैं। पोर्टल पर दर्ज उपस्थिति और निरीक्षण रिपोर्टों से यह तथ्य उजागर हुआ है। विभाग के अनुसार, यह प्रवृत्ति शिक्षा की गुणवत्ता और सरकारी संसाधनों दोनों पर नकारात्मक प्रभाव डालती है। इसी को ध्यान में रखते हुए विभाग ने छात्रवृत्ति को उपस्थिति से जोड़कर छात्रों में जिम्मेदारी और अनुशासन सुनिश्चित करने को प्राथमिकता दी है।
विद्यार्थियों की उपस्थिति में सुधार होगा
शिक्षा विभाग के दिशा-निर्देशों से विद्यार्थियों की उपस्थिति में सुधार होगा। इसके लिए प्रयास किए जा रहे हैं। इससे विद्यालयों की समग्र शैक्षणिक गुणवत्ता में वृद्धि होगी। -संध्या मलिक, जिला शिक्षा अधिकारी, पंचकूला
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.