- आज से पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानी इलाकाें में बारिश का पूर्वानुमान
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। चिल्लेकलां कश्मीर के सबसे सर्द वह 40 दिन हैं जो अपनी ठिठुरती सर्दी, बर्फबारी औैर मुश्किल वक्त के तौर पर जाने जाते हैं। चिल्लेकलां की शुरुआत सोमवार से हो रही है, इससे पहले ही सर्दी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं।
शुक्रवार को महज एक दिन में ही घाटी में पारे ने चार डिग्री तक का गोता लगाया। श्रीनगर में ही न्यूनतम तापमान माइनस 2.1 चला गया। वीरवार को यह 0.2 डिग्री था। मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार 20 से 22 दिसंबर तक जम्मू और कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश में ऊंचे इलाकों में भारी बर्फबारी और निचले इलाकों में हल्की बर्फबारी और बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार घाटी में 20 से 31 दिसंबर तक कही आंशिक और कहीं सामान्य बादल छाए रहेंगे। उत्तरी और मध्य कश्मीर के अलग-अलग ऊंचे इलाकों में हल्की बर्फबारी हो सकती है। 20 और 21 दिसंबर के बीच में कश्मीर के मैदानी इलाकों में हल्की बारिश और ऊपरी इलाकों में भारी बर्फबारी हो सकती है। जम्मू और कश्मीर संभाग के कई स्थानों पर हल्के से मध्यम प्रकार का कोहरा रहने की संभावना है। ऊंचे इलाकों में सब-फ्रीजिंग तापमान के साथ हल्की बर्फबारी के कारण 20 दिसंबर की देर रात से 21 दिसंबर की सुबह सड़कों पर फिसलन हो सकती है।
शुक्रवार को श्रीनगर में अधिकतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य ये 1.1 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान माइनस 2.1 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 0.1 डिग्री अधिक है। कश्मीर के प्रवेश द्वार काजीगुंड में अधिकतम तापमान 14.0 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 4.3 डिग्री ज्यादा है। न्यूनतम तापमान माइनस 1.8 डिग्री रहा जो सामान्य से 0.5 डिग्री अधिक है।
पहलगाम में अधिकतम तापमान 12.2 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 7.5 डिग्री अधिक है। न्यूनतम तापमान माइनस 2.6 डिग्री रहा जो सामान्य से 1.9 डिग्री अधिक था। गुलमर्ग में अधिकतम तापमान 10.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 5.2 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 1.0 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 6.0 डिग्री अधिक था।
कश्मीर संभाग में पुलवामा सबसे ठंडा
मौसम विभाग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार कश्मीर संभाग में न्यूनतम तापमान श्रीनगर एयरपोर्ट पर माइनस 3.4 डिग्री, कुपवाड़ा में माइनस 2.8 डिग्री, कोकरनाग में 0.5 डिग्री, पांपोर माइनस 3.5 डिग्री, अवंतिपोरा में माइनस 2.6 डिग्री, बडगाम में माइनस 2.4 डिग्री, अनंतनाग माइनस 2.8 डिग्री, बारामुला माइनस 3.6 डिग्री, बांदीपोरा में माइनस 2.8 डिग्री, पुलवामा माइनस 4.0 डिग्री, शाेपियां माइनस 3.5 डिग्री, कुलगाम में माइनस 0.9 डिग्री, गांदरबल में माइनस 0.5 डिग्री, सोनमर्ग में 0.1 डिग्री सेल्सियस रहा।
जम्मू संभाग में राजोरी का सबसे कम पारा
जम्मू संभाग में न्यूनतम तापमान जम्मू में 9.9 डिग्री, जम्मू एयरपोर्ट पर 11.1 डिग्री, बनिहाल में 3.5 डिग्री, बटोत में 6.7 डिग्री, कटड़ा में 9.2 डिग्री, भद्रवाह में 2.3 डिग्री, कठुआ में 8.8 डिग्री, उधमपुर में 4.2 डिग्री, रामबन में 5.8 डिग्री, सांबा में 5.4 डिग्री, राजोरी में 2.4 डिग्री, किश्तवाड़ में 6.1 डिग्री, रियासी में 7.8 डिग्री, डोडा में 6.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं लद्दाख संभाग में न्यूनतम तापमान लेह में माइनस 4.6 डिग्री, कारगिल में माइनस 4.0 डिग्री और नुबरा वैली में माइनस 2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.