सोनीपत के गन्नौर में एक प्लास्टिक दाना फैक्ट्री में रविवार रात आग लग गई। सूचना मिलते ही सोनीपत, राई और आसपास के क्षेत्रों से फायर ब्रिगेड की 10 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास किया। औद्योगिक क्षेत्र फेज-2 स्थित श्री बालाजी इंटरप्राइजेज में प्लास्टिक सामग्री और अन्य ज्वलनशील पदार्थ मौजूद थे, जिस कारण आग भड़क गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि साथ लगती फैक्ट्री भी इसकी चपेट में आ गई। हालांकि, फायर ब्रिगेड कर्मियों की तत्परता से वहां आग को तुरंत नियंत्रित कर लिया गया, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया। बताया गया है कि आगजनी की इस घटना में लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। प्लास्टिक का कच्चा माल, तैयार माल और मशीनरी को भारी नुकसान पहुंचने की संभावना है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। शॉर्ट सर्किट या अन्य तकनीकी कारणों की संभावना पर भी जांच की जा रही है। पुलिस और दमकल विभाग संयुक्त रूप से घटना के हर पहलू की जांच कर रहे हैं।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.