Sitamarhi Crime news: सीतामढ़ी में साइबर क्राइम पुलिस ने गलती से ट्रांसफर हुए ₹70,000 रुपए तत्परता से सुरक्षित वापस दिला दिया है. मामला शहर के राजोपट्टी वार्ड नंबर 16 का है. यहां रहने वाले सुधीर कुमार कर्ण के लिए वह दिन किसी बुरे सपने से कम नहीं था. ऑनलाइन लेन-देन के दौरान उनसे एक बड़ी भूल हो गई. पर घबराहट में लिया फैसला उनके लिए सही हो गया.
घबराहट के बीच सुधीर कुमार ने सही फैसला लिया. उन्होंने बिना देर किए साइबर थाना सीतामढ़ी से संपर्क किया. पूरी घटना की जानकारी दी. शिकायत मिलते ही साइबर थाना की टीम हरकत में आ गई. मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत तकनीकी जांच शुरू की गई. ट्रांजैक्शन डिटेल्स खंगाली गईं. बैंक से संपर्क साधा गया और उस खाते की पहचान की गई. जिसमें रकम गलती से पहुंची थी.
पुलिस ने इन सभी पहलुओं की जांच की
साइबर थाना की टीम ने सिर्फ तकनीकी पहलुओं पर ही नहीं, बल्कि मानवीय संवेदनशीलता के साथ भी इस मामले को संभाला. बैंक अधिकारियों और राशि प्राप्त करने वाले व्यक्ति से समन्वय स्थापित किया गया. पूरी स्थिति को कानूनी और व्यवहारिक तरीके से समझाया गया. सही प्रक्रिया अपनाते हुए रकम को सुरक्षित रूप से होल्ड कराया गया. आवश्यक दस्तावेजी कार्रवाई पूरी की गई.
पूरी राशि खाते में आई वापस
लगातार प्रयास और समन्वय के बाद आखिरकार वह राहत भरा पल आया. जब ₹70,000 की पूरी राशि सुधीर कुमार कर्ण के खाते में वापस लौटा दी गई. अपने पैसे वापस पाकर सुधीर की आंखों में राहत साफ झलक रही थी. उन्होंने साइबर थाना की तत्परता और पेशेवर कार्यशैली की खुले दिल से सराहना की.
आप भी नहीं करें ये गलती
यह मामला सिर्फ एक गलती और उसकी भरपाई की कहानी नहीं है, बल्कि एक बड़ा संदेश भी देता है. साइबर थाना सीतामढ़ी ने आम लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन लेन-देन के दौरान खाता संख्या, IFSC कोड और अन्य विवरणों की दोबारा जांच जरूर करें. किसी भी प्रकार की गलती या साइबर फ्रॉड की स्थिति में बिना देर किए पुलिस या साइबर हेल्पलाइन से संपर्क करें.
About the Author
मैंने अपने 12 वर्षों के करियर में इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में काम किया है। मेरा सफर स्टार न्यूज से शुरू हुआ और दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर डिजिटल और लोकल 18 तक पहुंचा। रिपोर्टिंग से ले…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.