Sitamarhi News: सीतामढ़ी को शहरी विकास की नई पहचान देने के लिए बड़ा कदम उठाने जा रही है. पुनौराधाम जानकी मंदिर के आसपास 700 एकड़ में भव्य सीतापुरम सेटेलाइट टाउन विकसित करने की तैयारी तेज हो गई है
सेटेलाइट टाउन के लिए सीतामढ़ी में चार संभावित लोकेशनों का प्रस्ताव विभाग को भेजा गया है. भूमि मूल्य, पहुंचयोग्यता, भविष्य की संभावनाओं और भूगोल के आधार पर इनमें से एक स्थल का चयन किया जाएगा. नगर निगम के टाउन प्लानर राहुल कुमार के अनुसार, यह नया शहर वर्तमान सीतामढ़ी नगर से लगभग आठ किलोमीटर के दायरे में विकसित होगा. नगर निगम की सीमा पर या उससे सटे हिस्से को चुना जा सकता है. पुनौराधाम जानकी मंदिर तथा प्रस्तावित सिक्स-लेन राष्ट्रीय राजमार्ग से इसकी सीधी कनेक्टिविटी सुनिश्चित की जाएगी. पटना और देश के अन्य हिस्सों से आने वाले श्रद्धालुओं व पर्यटकों को बिना किसी बाधा के सीतापुरम पहुंचने में सुविधा हो.
24×7 बिजली-पानी की उपलब्धता
सीतापुरम में अत्याधुनिक बुनियादी ढांचे का विकास किया जाएगा. जिसमें चौड़ी सड़कें, 24×7 बिजली-पानी की उपलब्धता, आधुनिक सीवेज प्रणाली, व्यवस्थित आवासीय सेक्टर, हरित क्षेत्र और बड़े पार्क शामिल होंगे। खेल मैदान, मनोरंजन पार्क, कम्युनिटी सेंटर और सार्वजनिक सुविधाओं को भी प्राथमिकता दी जाएगी। पर्यावरण संरक्षण के लिए कचरा प्रबंधन और जल संरक्षण जैसी आधुनिक व्यवस्थाएं लागू की जाएंगी. नगर विकास विभाग मास्टर प्लान तैयार कर रहा है, जिसके तहत पूरे शहर को ओल्ड एरिया और न्यू एरिया के रूप में व्यवस्थित किया जाएगा। इसके लिए विशेषज्ञ एजेंसियों द्वारा सर्वे प्रक्रिया जारी है.
मिथिलांचल होगा आर्थिक रूप से मजबूत
अयोध्या की तर्ज पर श्रद्धालुओं को आकर्षित करने के लिए सीतापुरम में शॉपिंग मॉल, होटल, धर्म-पर्यटन केंद्र और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान विकसित किए जाएंगे. इससे रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और निजी निवेश को भी बढ़ावा मिलेगा। पुनौराधाम में प्रस्तावित दिव्य और भव्य मंदिर तथा सीतापुरम के विकास से क्षेत्र धार्मिक पर्यटन का प्रमुख गढ़ बनकर उभरेगा. सरकार को उम्मीद है कि यह प्रोजेक्ट न सिर्फ जिले की तस्वीर बदलेगा बल्कि मिथिलांचल को आर्थिक रूप से मजबूत और पर्यटन की दृष्टि से सशक्त बनाने में निर्णायक भूमिका निभाएगा.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.