Sitamarhi News : सीतामढ़ी, मिथिला की सांस्कृतिक धरती और माता जानकी की जन्मभूमि है. आज सीतामड़ी 54 साल का हो गया है. इस जिले में कई ऐतिहासिक परियोजनाओं, मेडिकल कॉलेज और ओवरब्रिज से धार्मिक पर्यटन केंद्र बनाए जा रहे हैं. आइये जानते हैं इसके बारे में..
बिहार का सीतामढ़ी जिला मुजफ्फरपुर से अलग होकर 11 दिसंबर 1972 को जनपद का दर्जा पाया था. आज सीतामढ़ी अपने 54 साल पूरे कर चुका है. मिथिला की सांस्कृतिक धरती और माता जानकी की जन्मभूमि होने के कारण सीतामढ़ी ऐतिहासिक और धार्मिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण जिला माना जाता है. इन 5 दशकों में यहां विकास की नई दिशा दिखाई देती है.

54 साल में जिले को कई बड़ी सौगातें मिली हैं. राज्य सरकार द्वारा जानकी जन्मभूमि क्षेत्र के लिए लगभग 1000 करोड़ रुपये की ऐतिहासिक परियोजना स्वीकृत की गई है, जिसके तहत इस पवित्र स्थल का विकास अयोध्या मॉडल पर किया जा रहा है. इससे सीतामढ़ी को अंतरराष्ट्रीय धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में नया स्थान मिलने वाला है.

जिले में एक और बड़ा कदम सीतापुरम के रूप में उठाया गया है. लगभग 700 एकड़ भूमि पर आधुनिक, पर्यटन-आधारित और सांस्कृतिक नगर बसाने की घोषणा की गई है. यह योजना मिथिला की पहचान, कला और परंपराओं को वैश्विक स्तर पर प्रस्तुत करेगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नया आयाम देगी.
Add News18 as
Preferred Source on Google

सीतामढ़ी जिला स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय प्रगति हो रही है, जिले का बहुप्रतीक्षित मेडिकल कॉलेज लगभग तैयार है और अगले वर्ष इसके उद्घाटन की संभावना जताई जा रही है. इसके चालू होने से जिले को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं, विशेषज्ञ डॉक्टर और स्वास्थ्य सेवाओं में एक बड़ी उपलब्धि मिलेगी.

लंबे समय से प्रतीक्षित पारी-मेहसौल ओवरब्रिज भी अब लगभग तैयार ह.। दो से तीन महीनों में इसके शुरू होने की संभावना है. इस ओवरब्रिज के चालू होते ही शहर में जाम की समस्या काफी हद तक समाप्त हो जाएगी और यातायात व्यवस्था व्यवस्थित तथा तेज होगी.

पिछले वर्षों में सीतामढ़ी ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, जलापूर्ति और सांस्कृतिक ढांचों में तेज विकास किया है. नए स्कूल-कॉलेज, अस्पतालों का उन्नयन, सड़क चौड़ीकरण और धार्मिक पर्यटन मार्गों के विस्तार ने जिले को नए स्तर पर पहुंचाया है. सरकार और प्रशासन विकास को निरंतर गति दे रहे हैं.

सीतामढ़ी अब केवल बिहार तक सीमित पहचान नहीं रखता, बल्कि देश-विदेश में अपनी आस्था, संस्कृति, धार्मिक महत्व और तेजी से बढ़ते विकास कार्यों के लिए जाना जा रहा है. जानकी जन्मभूमि का वैश्विक महत्व बढ़ा है और जिले की छवि एक उभरते धार्मिक-पर्यटन केंद्र के रूप में मजबूत होती जा रही है.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.