सिरसा जिले के डबवाली क्षेत्र में पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाइ में करीब 1 करोड़ 14 लाख रुपए मूल्य की हेरोइन और अफीम बरामद की है। इन दोनों कार्रवाइ में पुलिस ने 4 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया है और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक कार भी जब्त की गई है। थाना कालांवाली डीएसपी संदीप धनखड़ ने बताया कि सीआईए स्टाफ कालांवाली और एंटी नारकोटिक्स सेल (एएनसी) डबवाली की टीमों ने कुल 503 ग्राम हेरोइन और 2 किलो 754 ग्राम अफीम बरामद की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 14 लाख रुपए आंकी गई है। डीएसपी ने बताया कि 10 मार्च को सीआईए स्टाफ कालांवाली के प्रभारी उपनिरीक्षक सुरेश कुमार की टीम एएसआई दिलावर सिंह के नेतृत्व में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि पंजाब से कुछ तस्कर बड़ी मात्रा में हेरोइन लेकर डबवाली की तरफ आने वाले हैं। सप्लाई देने कार से आ रहे थे 3 तस्कर उन्होंने बताया कि सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत भारतमाला रोड के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी। कुछ देर बाद बठिंडा की तरफ से एक कार आती दिखाई दी। पुलिस को देखकर कार चालक घबरा गया और वाहन को वापस मोड़ने की कोशिश करने लगा, लेकिन जल्दबाजी में कार बंद हो गई। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए कार को घेर लिया और उसमें सवार तीनों व्यक्तियों को काबू कर लिया। पूछताछ में उनकी पहचान जगमीत सिंह, मलकीत सिंह और भगवान सिंह उर्फ फौजी के रूप में हुई। कार की तलाशी लेने पर गियर लीवर के पास एक काले रंग के लिफाफे में छिपाई गई 503 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही हेरोइन और कार को कब्जे में लेकर तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया। तस्कर से 2 किलो 754 ग्राम अफीम बरामद इसी बीच दूसरी बड़ी कार्रवाई एंटी नारकोटिक्स सेल डबवाली की टीम ने की। एएनसी प्रभारी एएसआई रणजोध सिंह को सूचना मिली थी कि पंजाब के बठिंडा जिले का रहने वाला एक युवक कालांवाली क्षेत्र में अफीम की सप्लाई करने वाला है और वह रात के समय ट्रेन से कालांवाली पहुंचने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तख्तमल फाटक रोड के पास नाकाबंदी कर दी और संदिग्ध लोगों की निगरानी शुरू कर दी। कुछ देर बाद रेलवे स्टेशन की ओर से एक युवक हाथ में अटैची लेकर आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वह घबरा गया और वापस मुड़कर जाने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने उसे तुरंत पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम दीपा सिंह निवासी कणकवाल, जिला बठिंडा (पंजाब) बताया। जब नियमानुसार उसकी तलाशी ली गई तो उसके पास मौजूद अटैची से 2 किलो 754 ग्राम अफीम बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ थाना कालांवाली में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। नशा तस्करी का नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड के दौरान उनसे पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि यह नशा किस नेटवर्क के जरिए हरियाणा और आसपास के इलाकों में पहुंचाया जा रहा था। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के बाद इस तस्करी गिरोह से जुड़े अन्य लोगों का भी खुलासा हो सकता है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.