कार्यक्रम स्थल पर मौजूद प्रशासन की टीम और समिति के सदस्य।
छत्तीसगढ़ में दंतेवाड़ा जिले के गीदम से लगे हारम में पंडित प्रदीप मिश्रा 7 से 13 दिसंबर तक शिव महापुराण करेंगे। आज 6 दिसंबर को कलश यात्रा है, जिसमें सैकड़ों की संख्या में भक्त शामिल होंगे।
वहीं शिव महापुराण को लेकर भक्तों में इतनी आस्था है कि कार्यक्रम शुरू होने से ठीक 2 दिन पहले से ही भक्त कार्यक्रम स्थल पहुंचकर अपनी जगह बना लिए हैं।
पूरे 7 दिनों तक शिव महापुराण समिति हर दिन निःशुल्क भंडारा का आयोजन कर रही है। खास बात है कि जिले के अलग-अलग करीब 7 से 10 गांव के लोग खुद अपनी इच्छा से लगभग 10 लाख पत्तल बनाने में जुटे हुए हैं।
समिति सदस्यों की मानें तो बड़े तुमनार, मोफलनार, गुमलनार, छोटे तुमनार जैसे गांवों में भी लोग दोना और पत्तल (पत्ते की कटोरी और थाली) बनाने में जुटे हुए हैं।
सेवा भाव से आगे आ रहे ग्रामीण
शिव महापुराण समिति के आयोजक अभिलाष तिवारी का कहना है कि, पहली बार पंडित प्रदीप मिश्रा का भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। जिसको लेकर पूरे जिले के लोगों में उत्साह है।
गांव-गांव के लोग खुद सेवाभाव से आगे आ रहे हैं और कार्यक्रम में अपने-अपने स्तर पर सहयोग कर रहे हैं। गांवों में पत्तल बनाने का काम कर रहे हैं।
संभावना है कि इस कार्यक्रम में रोजाना करीब एक से डेढ़ लाख लोग पहुंचेंगे। जन सहयोग से ही कार्यक्रम सफल होगा।
आज निकलेगी कलश यात्रा
शिव महापुराण को लेकर आज 6 दिसंबर को कलश यात्रा निकाली जाएगी। शिव महापुराण समिति के अध्यक्ष जय प्रकाश सिंह चौहान ने कहा कि कलश यात्रा गीदम के शीतला माता मंदिर से शुरू होगी। यहां से ये यात्रा नगर के पुराने बस स्टैंड में स्थित आशुतोष शिव मंदिर जाएगी।
जिसके बाद मेन रोड से होते हुए हारम पारा में आयोजन स्थल पर समाप्त होगी। जय प्रकाश सिंह चौहान ने कहा कि हम लगातार लोगों से अपील कर रहे हैं कि कलश यात्रा में ज्यादा से ज्यादा लोग शामिल होएं।

गांव-गांव में पत्तल बनाया जा रहा है।
अफसर भी ले रहे जायजा
इस कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी भी लगातार कार्यक्रम स्थल का जायजा ले रहे हैं। कार्यक्रम स्थल पर करीब 80 से 100 CCTV कैमरे लगाए जा रहे हैं, जिससे कार्यक्रम स्थल की हर एक गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी।
अब जानिए लोगों के लिए कैसी होगी व्यवस्था
- डोम की संख्या – 3 विशाल डोम बनाए गए हैं।
- हर दिन कितने लोग पहुंचेंगे- एक से डेढ़ लाख लोगों के पहुंचने की संभावना है।
- पानी की व्यवस्था – 3 बोर, 8 टैंकर के माध्यम से पानी की पूर्ति करेंगे।
- भक्तों के लिए भोजन – दिन में 2 बार निशुल्क भंडारा चलेगा।
- शौचालय की व्यवस्था – 45 अस्थाई शौचालय बनाए गए हैं, जरूरत पड़ी तो चलित शौचालय की व्यवस्था की जाएगी।
- श्रद्धालुओं के रुकने की व्यवस्था – जो भक्त रुकना चाहते हैं वे डोम में ही विश्राम कर सकते हैं। कंबल समेत अन्य गर्म कपड़े वे खुद साथ लेकर आएं।
- महिलाओं के लिए व्यवस्था- कार्यक्रम स्थल के ठीक सामने कृषि मंडी के पास एक सरकारी भवन है। भवन समिति की तरफ से है, व्यवस्था स्वयं की होगी।
- सुरक्षा – 400 से 500 की संख्या में जवान तैनात होंगे। महिला बल को भी तैनात किया जाएगा।
अब ऐसे समझिए कहां क्या होगी व्यवस्था?
गीदम थाना प्रभारी विजय पटेल की माने तो इस कार्यक्रम में कुल 5 जगह पार्किंग की व्यवस्था की गई है। मंच के पास VIP पार्किंग होगी। बीजापुर सड़क किनारे FCI गोदाम के पास, जगदलपुर-दंतेवाड़ा सड़क किनारे, और बारसूर सड़क में सोनारपारा चौक के पास मुख्य सड़क के दोनों तरफ पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। बारसूर सड़क से आमजनता का प्रवेश द्वार होगा, जबकि बीजापुर की सड़क किनारे से VIP प्रवेश द्वार होगा।

कार्यक्रम स्थल पर 3 बड़े विशाल डोम बनाए गए हैं।
जानिए कौन हैं पंडित प्रदीप मिश्रा
पंडित प्रदीप मिश्रा मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के रहने वाले हैं। वे एक धार्मिक कथावाचक (भक्ति-कथा वाचक) हैं। विशेष रूप से शिव पुराण, भागवत और अन्य पुराणों-धार्मिक कथाओं का प्रवचन करते हैं। उनको सीहोर वाले बाबा के नाम से भी जाना जाता है। उनके धार्मिक आयोजनों और प्रवचनों में बड़े पैमाने पर लोग शामिल होते हैं।
सुरक्षा के होंगे पुख्ता इंतजाम
दंतेवाड़ा ASP आरके बर्मन ने कहा कि, इस कार्यक्रम को लेकर करीब 400 से 500 की संख्या में जवान 24 घंटे तैनात रहेंगे। CCTV कैमरों से शहर की हर एक गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। बारसूर, दंतेवाड़ा और बीजापुर इन तीनों सड़कों पर भी आउटर कार्डन में सुरक्षा व्यवस्था होगी।

कार्यक्रम स्थल पर सैकड़ों CCTV कैमरे लगाए गए हैं।
ये हैं आयोजन समिति के मुख्य सदस्य
विजय प्रसाद तिवारी मुख्य आयोजक हैं। अभिलाष तिवारी आयोजक हैं। वहीं जय प्रकाश सिंह चौहान अध्यक्ष, राकेश कुमार मिश्रा सचिव, कृष्णाचंद अवस्थी कोषाध्यक्ष, राजेश गुप्ता (झल्लर) महामंत्री, जगदीश राठी मंत्री और पंचू साहू व्यवस्थापक हैं। इस कार्यक्रम से जुड़ी जानकारी के लिए इनसे संपर्क कर सकते हैं।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.