ठियोग की देवरीघाट पंचायत के नंगल देवी में शुक्रवार को पैराग्लाइडिंग साइट से पहली उड़ान भरी गई। देवदार के जंगलों और ऊंचे-ऊंचे पहाड़ों के ऊपर पैराग्लाइडिंग का अनुभव अब एडवेंचर प्रेमियों को ठियोग में भी मिलेगा। समुद्र तल से करीब 6400 फीट की ऊंचाई पर स्थित यह साइट प्राकृतिक सौंदर्य और सुरक्षित उड़ान के लिए बेहद उपयुक्त मानी जा रही है।
शिमला और नारकंडा के बीच स्थित नंगल देवी एडवेंचर प्रेमियों के लिए एक आकर्षक स्थान बनकर उभर रहा है। शिमला से इसकी दूरी करीब 30 किलोमीटर और नारकंडा से 29 किलोमीटर है, जिससे यह पर्यटकों के लिए सहज पहुंच में है। इंटरनेशनल इवेंट्स की तैयारी है और सरकार भी सहयोग देगी।
कांग्रेस नेता विनय हेटा ने बताया कि नंगल देवी पैराग्लाइडिंग साइट से ठियोग को देश-दुनिया में नई पहचान मिलेगी। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही सरकार और पर्यटन विभाग के सहयोग से इंटरनेशनल स्तर के पैराग्लाइडिंग इवेंट यहां आयोजित किए जाएंगे, जिससे पर्यटन क्षेत्र को बड़ा लाभ मिलेगा। विनय के अनुसार हवा के पैटर्न, टेकऑफ और लैंडिंग स्पॉट यहां पैराग्लाइडिंग के मानकों पर पूरी तरह खरे उतरते हैं, जिसके आधार पर पर्यटन विभाग ने अनुमति प्रदान की है।
एक्सप्लोर एक्सपर्ट एडवेंचर 123 के प्रमुख काकू ठाकुर ने बताया कि उड़ान के लिए आवश्यक पैराग्लाइडर, सुरक्षा किट और पायलट कंपनी की ओर से उपलब्ध करवाए जाएंगे। एडवेंचर प्रेमियों को 3000 से 3500 रुपये तक फीस देनी होगी। उन्होंने कहा कि सुरक्षा मानकों का पूरा पालन किया जाएगा और मौसम खराब होने पर उड़ान रोक दी जाएगी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.