हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के ढली में बीते 23 दिसंबर को मिले नवजात शिशु के शव की पहचान छह दिन बाद भी नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को आईजीएमसी अस्पताल के शवगृह में रखा है, लेकिन अभी तक किसी ने भी बच्चे पर दावा नहीं किया है।
यह नवजात शिशु देवली कॉलोनी स्थित नंद कॉटेज के पास एक कुत्ते के मुंह में मिला था। मंगलवार को पुलिस को इसकी सूचना मिली, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची और आसपास के रिहायशी इलाकों में पूछताछ की।
मृत बच्चे के शरीर पर था जानवर के काटने का निशान
मृत अवस्था में मिला यह शिशु एक लड़का था। प्रारंभिक जांच में उसके सिर, चेहरे और पीठ पर कुत्ते या किसी जंगली जानवर के काटने के निशान पाए गए थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नियमानुसार आईजीएमसी शिमला के फॉरेंसिक विभाग में पोस्टमार्टम करवाया।पुलिस लगातार बच्चे की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों में लोगों से बातचीत कर रही है।
पहचान न होने के कारण शव फिलहाल आईजीएमसी शिमला के शवगृह में रखा गया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को नवजात शिशु की पहचान से संबंधित कोई जानकारी है, तो वे ढली थाने में सूचित कर सकते हैं। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 94 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.