भारतीय सेना के जवान अक्षित शर्मा का जम्मू में कमांडो ट्रेनिंग के दौरान तवी नदी में डूबने से निधन हो गया. उनके पार्थिव शरीर को उस्तेहड़ गांव में सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई.
अक्षित शर्मा भारतीय सेना की 09 पंजाब रेजिमेंट में कार्यरत थे तथा इन दिनों जम्मू में कमांडो प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे थे.
जानकारी के अनुसार कमांडो प्रशिक्षण के तहत तवी नदी में विशेष अभ्यास चल रहा था. इसी दौरान प्रशिक्षण के दौरान वे हादसे का शिकार हो गए. घटना के बाद भारतीय सेना द्वारा तुरंत सर्च ऑपरेशन चलाया गया लेकिन अथक प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका.
शहीद जवान का पार्थिव शरीर बुधवार को उनके पैतृक गांव उस्तेहड़ पहुंचा जहां पूरे क्षेत्र में शोक की लहर छा गई. उनके पार्थिव शरीर को पूर्ण सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई. इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, प्रशासनिक अधिकारी तथा जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे और सभी ने नम आंखों से वीर जवान को श्रद्धांजलि अर्पित की.
इस दौरान राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा, विधायक बैजनाथ किशोरी लाल तथा उपमंडलाधिकारी (एसडीएम) बैजनाथ संकल्प गौतम सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने भी श्रद्धासुमन अर्पित कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की.
राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि अक्षित शर्मा का असमय निधन अत्यंत दुखद है. उन्होंने कहा कि देश की सेवा करते हुए एक होनहार जवान को खोना पूरे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है. उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिजनों को इस दुख की घड़ी में धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की.
वहीं विधायक किशोरी लाल ने भी शोकाकुल परिवारजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि अक्षित शर्मा ने बहुत कम उम्र में देश सेवा का मार्ग चुना और पूरे क्षेत्र को उन पर गर्व है. उनका असमय जाना पूरे क्षेत्र के लिए अत्यंत पीड़ादायक है. उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में प्रदेश सरकार सहित पूरा क्षेत्र शोक संतप्त परिवार के साथ खड़ा है.
बताया जा रहा है कि अक्षित शर्मा अपने माता-पिता की इकलौती संतान थे और हाल ही में छुट्टी बिताकर ड्यूटी पर लौटे थे. वे अपने पीछे पिता विजय कुमार और माता रेणु अवस्थी को छोड़ गए हैं. वीर जवान की अंतिम विदाई के दौरान उपस्थित लोगों ने “भारत माता की जय” तथा “अक्षित शर्मा अमर रहे” के नारों के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी.
About the Author

Vinod Kumar Katwal, a Season journalist with 14 years of experience across print and digital media. I have worked with some of India’s most respected news organizations, including Dainik Bhaskar, IANS, Punjab K…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.