श्योपुर शहर के कलारना स्थित श्याम हवेली में रविवार को फाल्गुन मास के पावन अवसर पर फाग महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस उत्सव में शहर सहित आसपास के गांवों से हजारों श्रद्धालु पहुंचे। भक्तों ने इत्र, फूल, रंग और अबीर-गुलाल के साथ श्याम प्रभु के संग होली खेली और भक्ति रस में डूबे नजर आए। दिव्य दरबार और अलौकिक श्रृंगार श्याम उत्सव समिति द्वारा मंदिर प्रांगण में श्याम प्रभु का भव्य दरबार सजाया गया। कोटा, दिल्ली और जयपुर से मंगवाए गए रंग-बिरंगे फूलों से सुबह 11:30 बजे विशेष श्रृंगार किया गया। महाआरती के साथ फाग महोत्सव की विधिवत शुरुआत हुई। पूरा परिसर फूलों की खुशबू और भक्तिमय संगीत से गूंज उठा। फूलों की होली में झूमे श्रद्धालु दोपहर 1 बजे से फूलों की होली का विशेष कार्यक्रम शुरू हुआ, जो देर शाम तक चलता रहा। फूलों की वर्षा और इत्र की सुगंध से पांडाल महक उठा। पुरुष, महिलाएं और बच्चे बड़ी संख्या में मौजूद रहे। श्रद्धालु “देखो मोर बन आए श्याम, सखी रे वृंदावन में…” और “मेरे कान्हा की बात है न्यारी…” जैसे भजनों पर झूम उठे। “ऐसी मुरली बजाएं मेरा श्याम…” जैसे भजनों ने माहौल को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया। “राधिका गोरी से ब्रज की छोरी से” और “होली खेले रघुवीरा अवध में” जैसे गीतों पर महिलाओं और युवाओं ने उत्साहपूर्वक नृत्य किया। देशभर के कलाकारों ने बांधा समां करीब आठ घंटे तक चले इस महोत्सव में देश के विभिन्न हिस्सों से आए कलाकारों ने प्रस्तुति दी। सूरत से आईं प्रसिद्ध भजन गायिका अनन्या सिरोदिया, विराट मिमरोट और पवन मेवाड़ा ने मधुर भजनों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। अनन्या सिरोदिया ने गणेश वंदना से कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद पारंपरिक और होली विशेष भजनों की प्रस्तुति दी गई, जिस पर पूरा पांडाल भक्ति में डूब गया। कृष्ण झांकी ने बनाया ब्रज सा माहौल हरियाणा के पानीपत से आए कलाकारों ने भगवान कृष्ण की मनमोहक झांकी प्रस्तुत की। कलाकार श्रद्धालुओं के बीच जाकर नृत्य करते रहे, जिससे पूरा वातावरण ब्रज की होली जैसा प्रतीत हुआ। झांकी के दौरान भक्तों ने फूलों और गुलाल की वर्षा कर स्वागत किया। फाल्गुन मास के इस रंगारंग आयोजन ने श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया। श्याम हवेली में सजे इस भव्य फाग महोत्सव ने उपस्थित श्रद्धालुओं के मन में भक्ति और आनंद की अमिट छाप छोड़ दी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.