गुना के रूठियाई क्षेत्र में गुरुवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब एक कमरे के अंदर युवक और युवती के शव बरामद हुए। दोनों की लाशें तीन से चार दिन पुरानी बताई जा रही हैं। शव काफी हद तक सड़ने लगे थे और शरीर का रंग काला पड़ चुका था। प्रारंभिक तौर पर पुलिस को आशंका है कि युवक ने पहले युवती की हत्या की और बाद में खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक युवक की पहचान सूरज सहरिया (24) के रूप में हुई है, जो बजरंगगढ़ क्षेत्र की बीस भुजा कॉलोनी का निवासी था। वहीं मृत युवती के लापता होने की रिपोर्ट पहले ही बजरंगगढ़ थाने में दर्ज बताई जा चुकी है। बताया जा रहा है कि दोनों पिछले कुछ समय से रूठियाई इलाके में ईंट भट्टों के पास बने एक कमरे में साथ रह रहे थे।
अंदर का दृश्य देखकर सभी लोग स्तब्ध रह गए
स्थानीय लोगों के अनुसार युवक का भाई भी पास ही स्थित दूसरे ईंट भट्टे पर काम करता है। पिछले दो-तीन दिनों से सूरज और युवती दोनों दिखाई नहीं दे रहे थे, जिससे परिजनों को शक होने लगा था। बुधवार रात युवक का भाई उनके कमरे के पास पहुंचा और दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। उसने सोचा कि शायद दोनों कहीं बाहर गए होंगे और वह वापस लौट गया।
गुरुवार सुबह जब वह दोबारा कमरे पर पहुंचा और दरवाजा खटखटाया, तब भी अंदर से कोई जवाब नहीं आया। इस पर उसे कुछ अनहोनी की आशंका हुई। उसने आसपास के लोगों को बुलाया और कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। अंदर का दृश्य देखकर सभी लोग स्तब्ध रह गए।
ये भी पढ़ें- सागर में दिल दहला देने वाली वारदात: मां ने चार बेटियों को कुएं में फेंककर मार डाला, फिर खुद लगाई फांसी
कमरे के अंदर युवती का शव जमीन पर पड़ा हुआ था, जबकि युवक का शव फंदे से लटका हुआ मिला। कमरे में बदबू भी फैल चुकी थी, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि दोनों की मौत तीन से चार दिन पहले हुई होगी। घटना की जानकारी मिलते ही धरनावदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घटनास्थल का निरीक्षण किया।
जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा मामला
धरनावदा थाना प्रभारी एसआई प्रभात कटारे ने बताया कि युवक का शव फंदे से लटका मिला है, जबकि युवती का शव जमीन पर पड़ा हुआ था। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि युवक ने पहले युवती की हत्या की होगी और उसके बाद खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.