घने कोहरे ने रोकी रफ्तार
लगातार दूसरे दिन घने कोहरे ने सीहोर को अपनी आगोश में ले लिया। दृश्यता इतनी कम रही कि मात्र 20 मीटर दूर तक देख पाना भी मुश्किल हो गया। सुबह 8 बजे तक सूरज के दर्शन नहीं हुए। सड़क पर चलने वाले वाहनों को हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा और सुबह 9 बजे तक यातायात की गति बेहद धीमी रही। बहुत जरूरी काम होने पर ही लोग घरों से बाहर निकले।
ये भी पढ़ें- इंदौर में सामान्य से छह डिग्री लुढ़का पारा, दिन में भी बढ़ी ठंडक
कलेक्टर के निर्देश, अलाव से मिलेगी राहत
कड़ाके की ठंड को देखते हुए कलेक्टर बालागुरू के. ने सभी नगरीय निकायों और बड़ी ग्राम पंचायतों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, प्रमुख चौराहों, बाजार और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अलाव की समुचित व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि अलाव के लिए पर्याप्त ईंधन उपलब्ध कराया जाए ताकि निराश्रित, जरूरतमंद और यात्रियों को पूरी रात और सुबह राहत मिल सके।
पश्चिमी विक्षोभ से बढ़ी सर्दी
मौसम विभाग के वैज्ञानिक डॉ. एसएस तोमर के अनुसार हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण बर्फबारी हो रही है। इसका असर मध्य प्रदेश में सर्द हवाओं के रूप में दिख रहा है। अगले 48 घंटे बाद एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिससे कोहरा, शीतलहर और ठंड और बढ़ सकती है। मावठे की संभावना भी जताई गई है।
खेतों में बर्फ की चादर जैसी ओस
ग्रामीण अंचल में ठंड का असर और भी भयावह नजर आ रहा है। ग्राम चंदेरी सहित आसपास के क्षेत्रों में गेहूं की फसल पर जमी ओस बर्फ की चादर जैसी दिखाई दी। खेत सफेद नजर आने लगे। किसानों का कहना है कि पाला पड़ने से सब्जी की फसल चौपट होने का खतरा मंडरा रहा है। पहले ही सोयाबीन और प्याज की फसलों में नुकसान झेल चुके किसान अब इस ठंड से बेहद चिंतित हैं।
ये भी पढ़ें- मध्यप्रदेश में कड़ाके की ठंड के साथ घने कोहरे का डबल अटैक, आज 22 जिलों में अलर्ट
फसल बचाने जगे किसान, जलाए अलाव
पाले से फसल बचाने के लिए किसान रातभर खेतों में अलाव जला रहे हैं। समाजसेवी व किसान एमएस मेवाड़ा ने कहा कि ग्राम चंदेरी के किसान अपनी सब्जी की फसलों के बीच आग जलाकर और दुआ मांगकर प्रकृति से रहम की गुहार लगा रहे हैं। किसानों का कहना है कि यह उनकी आखिरी उम्मीद है। कड़ाके की ठंड, घना कोहरा और पाले के बीच सीहोर का जनजीवन और किसान दोनों कठिन दौर से गुजर रहे हैं।
इस तरह रहा तापमान में उतार-चढ़ाव
दिनांक अधिकतम न्यूनतम
9 दिसंबर 26.2 6.7
10 दिसंबर 26.5 6.5
11 दिसंबर 26.0 6.7
12 दिसंबर 26.5 5.4
13 दिसंबर 24.4 5.7
14 दिसंबर 26.8 7.2
15 दिसंबर 24.5 4.5
(नोट: तापमान डिग्री सेल्सियस में, स्त्रोत: मौसम विभाग)
सीहोर क्षेत्र में छाया कोहरा

सीहोर क्षेत्र में छाया कोहरा
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.