बलौदाबाजार के कबीर धर्मनगर दामाखेड़ा में हर साल आयोजित होने वाला विशाल संत समागम मेला (माघ मेला) इस बार 23 जनवरी से 1 फरवरी 2026 तक चलेगा।
बसंत पंचमी के अवसर पर शुरू होने वाले इस समारोह की तैयारियों की समीक्षा के लिए शुक्रवार को पंथ श्री प्रकाशमुनि नाम साहब की अध्यक्षता में कलेक्टर दीपक सोनी और अन्य अधिकारियों की बैठक हुई।
पंथ श्री प्रकाशमुनि नाम साहब ने बताया कि इस वर्ष 23 जनवरी को नवोदित वंशाचार्य उदितमुनि नाम साहब का चादर तिलक समारोह भी आयोजित होगा।
इस विशेष आयोजन के कारण अधिक संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है, जिसके मद्देनजर सुरक्षा सहित सभी व्यवस्थाओं को और मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश
कलेक्टर दीपक सोनी ने सभी अधिकारियों को मेला शुरू होने से तीन दिन पहले ही सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। पेयजल व्यवस्था के लिए पीएचई विभाग को 700 से अधिक स्टैंड पोस्ट, 15 पावर पंप, स्पेयर पंप और टैंकरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
मेला क्षेत्र में 100 एलईडी लाइटें लगाई जाएंगी और बिजली आपूर्ति के लिए जनरेटर भी उपलब्ध रहेंगे।
पुलिस विभाग द्वारा पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी, जिसमें सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। वाहन पार्किंग के लिए बेमेतरा, बिलासपुर और रायपुर रोड पर विशेष प्रबंध किए जाएंगे।
श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए आस-पास के स्कूल, सामुदायिक भवन और हॉस्टलों की व्यवस्था की जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग 24 घंटे चिकित्सा सुविधा और एम्बुलेंस उपलब्ध कराएगा। मेला स्थल पर अस्थाई शौचालय व स्नानागार बनाए जाएंगे तथा अग्निशमन दल (फायर ब्रिगेड) भी तैनात रहेगा। सफाई व्यवस्था के लिए नगरीय निकायों के कर्मचारी दिन-रात ड्यूटी पर रहेंगे।

अलग-अलग दिन कार्यक्रम का आयोजन
कार्यक्रमों में 23 जनवरी को चादर तिलक समारोह और गुलालोत्सव शामिल है। 24 जनवरी से प्रतिदिन भजन-कीर्तन व प्रवचन होंगे। 28 जनवरी से रात्रि सभा में पंथ श्री के दर्शन, 30 जनवरी को मिशन की आमसभा और 31 जनवरी को महिला मंडल की सभा आयोजित की जाएगी।
1 फरवरी को यज्ञ व आरती का कार्यक्रम है, जबकि 2 फरवरी को दीक्षांत समारोह और 3 फरवरी को चलावा चौकी आरती होगी।
बैठक में पंथ प्रकाश छोटे साहब, डॉ. भानुप्रताप साहब, डीएफओ गणवीर धम्मशील, सीईओ दिव्या अग्रवाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.