असमोली के गांव बदनपुर बसेई निवासी तमन्ना मलिक और उनके पति अमन त्यागी को सोशल मीडिया पर कट्टरपंथी लोगों के द्वारा धमकी दिए जाने पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। तमन्ना मलिक ने अपनी और अपने पति के लिए असमोली थाना पुलिस से सुरक्षा की भी मांग की है।
पुलिस को दी तहरीर में तमन्ना मलिक ने बताया कि उन्होंने गांव के हिंदू युवक अमन त्यागी से करीब साढ़े तीन वर्ष पहले हिंदू रीति रिवाज से शादी की थी। अब दो बच्चे हैं। 10 फरवरी को वह बुर्का पहनकर पति के साथ हरिद्वार से कांवड़ में जल लेने के लिए गई थीं। रविवार को संभल के क्षेमनाथ तीर्थ पर पहुंचकर जलाभिषेक किया था।
इसके बाद से लगातार सोशल मीडिया पर कट्टरपंथी सोच रखने वाले लोग धमका रहे हैं। जलाने की भी धमकी मिल रही है। इससे उनकी और उनके पति की जान को खतरा है। तमन्ना ने पुलिस से मांग की है कि उनको सुरक्षा दी जाए। थाना प्रभारी ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आगे की जांच पड़ताल की जा रही है।