भारत में इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम, हिंदुस्तान पेट्रोलियम, रिलायंस जैसी प्रमुख कंपनियां समय-समय पर पेट्रोल और डीजल पंप के लिए आवेदन आमंत्रित करती हैं. हालांकि, पंप तभी मिलता है जब संबंधित कंपनी आपके क्षेत्र के लिए वैकेंसी निकालती है. इसके लिए इच्छुक आवेदकों को कंपनियों की आधिकारिक वेबसाइट और अखबारों में प्रकाशित विज्ञापनों पर लगातार नजर रखनी होती है.
पेट्रोल पंप मैनेजर क्या कहते हैं जमीन और लॉटरी सिस्टम को लेकर
पेट्रोल पंप के लंबे समय से मैनेजर के पद पर कार्यरत उदय कुमार बताते हैं कि जब किसी क्षेत्र के लिए कंपनी आवेदन मांगती है और आवेदकों की संख्या अधिक हो जाती है, तो कंपनी लॉटरी सिस्टम के जरिए चयन करती है. छोटे पेट्रोल पंप के लिए कम से कम 66 फीट फ्रंट और 66 फीट गहराई वाली जमीन अनिवार्य होती है. वहीं, अगर कोई बाईपास या हाईवे पर बड़ा पेट्रोल पंप खोलना चाहता है. फ्रंट चौड़ाई 135 से 165 फीट और लंबाई 165 से 200 फीट तक होनी चाहिए. जमीन का स्पष्ट स्वामित्व जरूरी है. विवादित या दान की जमीन पर पेट्रोल पंप खोलने की अनुमति नहीं मिलती है.अगर जमीन लीज पर है, तो उसका वैध एग्रीमेंट देना होता है.
एनओसी, उम्र, दस्तावेज और निवेश की अनिवार्य शर्तें
उदय कुमार के अनुसार, लॉटरी में चयन होने के बाद कंपनी आवेदक से विभिन्न विभागों की एनओसी मांगती है. इसमें जिला प्रशासन (DM), वन विभाग और PWD से एनओसी शामिल है. इसके अलावा, आवेदनकर्ता की न्यूनतम उम्र 21 वर्ष होनी चाहिए और पुलिस कैरेक्टर सर्टिफिकेट भी अनिवार्य है. जब सभी दस्तावेज पूरे हो जाते हैं, तब कंपनी द्वारा लेटर ऑफ इंटेंट (LOI) जारी किया जाता है. निवेश की बात करें तो छोटे पेट्रोल पंप के लिए कम से कम 50 लाख से 1 करोड़ रुपये तक की वित्तीय व्यवस्था जरूरी होती है, क्योंकि स्टॉक, टर्नओवर और बुनियादी ढांचे पर अच्छा-खासा खर्च आता है.
आवेदन प्रक्रिया, फीस और कमीशन की पूरी जानकारी
पेट्रोल पंप के लिए आवेदन करने हेतु कंपनियां अखबारों और अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर विज्ञापन जारी करती हैं. आवेदन ऑनलाइन किया जाता है, जिसमें लोकेशन का सही चयन जरूरी होता है. आवेदन शुल्क शहरी क्षेत्र के लिए लगभग 1000 रुपये और ग्रामीण क्षेत्र के लिए 100 रुपये निर्धारित है. आवेदन के समय आधार कार्ड, पैन कार्ड, एड्रेस प्रूफ और 10वीं की मार्कशीट जैसे दस्तावेज लगाने होते हैं. लाइसेंस फीस ग्रामीण क्षेत्र में लगभग 5 लाख रुपये और शहरी क्षेत्र में 15 लाख रुपये तक हो सकती है. कमीशन की बात करें तो पेट्रोल पर प्रति लीटर 2 से 3 रुपये और डीजल पर 2 से 2.5 रुपये तक कमीशन मिलता है, जिससे यह व्यवसाय लंबे समय में अच्छा मुनाफा दे सकता है. जैसे कि आप इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOCL) तब खोलना चाहते हैं तो इस वेबसाइट से जाकर के चेक कर सकते हैं, https://www.petrolpumpdealerchayan.in वहीं अगर आप रिलायंस का खोलना चाहते हैं तो (Reliance + BP)
https://www.jiobp-india.com पर चेक कर सकते हैं.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.