सागर जिले के गढ़ाकोटा थाना क्षेत्र में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब संजरा तिगड्डा के पास एक नाले में मानव नरकंकाल मिलने की सूचना सामने आई। नरकंकाल की खबर फैलते ही इलाके में दहशत का माहौल बन गया और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने कंकाल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
ग्रामीणों ने दी पुलिस को सूचना
जानकारी के अनुसार, संजरा तिगड्डा के समीप स्थित नाले के पास से गुजर रहे कुछ ग्रामीणों की नजर पानी के किनारे पड़े मानव नरकंकाल पर पड़ी। यह दृश्य देखकर ग्रामीण घबरा गए और तत्काल इसकी सूचना गढ़ाकोटा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए।
काफी पुराना बताया जा रहा है नरकंकाल
सूचना मिलने पर थाना प्रभारी शुभम दुबे पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने क्षेत्र को सुरक्षित कर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जांच में नरकंकाल काफी पुराना प्रतीत हो रहा है, जिससे मृतक की पहचान फिलहाल कठिन बताई जा रही है। अवशेषों के आधार पर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि कंकाल पुरुष का है या महिला का।
पढ़ें: PM आवास की किस्त को लेकर विवाद, गाली-गलौच व मारपीट का वीडियो सामने आया; तीन पर केस दर्ज
गुमशुदगी के मामलों से किया जा रहा मिलान
पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है। आसपास के थानों से संपर्क कर बीते महीनों व वर्षों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों का रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। साथ ही, मौत के कारणों का खुलासा करने के लिए फॉरेंसिक जांच कराई जा सकती है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.