Sagar Railway Project Started: मध्य प्रदेश के सागर जिले में गुड़ा रेलवे फाटक पर लंबे इंतजार के बाद रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण कार्य शुरू हो गया है. करीब 28 महीने से टेंडर होने के बावजूद काम अटका हुआ था, लेकिन अब 19 करोड़ रुपये की लागत से यह प्रोजेक्ट शुरू हो गया है. इस ओवरब्रिज के बनने से रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम से राहत मिलेगी और लोगों का समय बचेगा. मकरोनिया क्षेत्र की लगभग 50 हजार आबादी के साथ आसपास के कई गांवों को इसका सीधा फायदा मिलेगा. साथ ही नेशनल हाईवे-44 से बेहतर कनेक्टिविटी मिलने से इस इलाके के विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद है.
फाटक बंद होने की परेशानी से मिलेगी राहत
अभी तक जब भी रेलवे फाटक बंद होता है तो लोगों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ता है. ओवरब्रिज बनने के बाद लोग सीधे ऊपर से रेलवे ट्रैक पार कर सकेंगे, जिससे समय की बचत होगी और ट्रैफिक जाम की समस्या भी काफी हद तक खत्म हो जाएगी.
हाईवे से भी मिलेगा सीधा कनेक्शन
यह रेलवे ओवरब्रिज नेशनल हाईवे-44 से करीब 200 मीटर की दूरी पर बनाया जा रहा है. इसके बनने से लोग सीधे हाईवे तक पहुंच सकेंगे. इससे मकरोनिया क्षेत्र के लगभग 50 हजार लोगों को बड़ा फायदा मिलेगा. साथ ही आसपास के 10 से 15 गांवों के लोगों की आवाजाही भी आसान हो जाएगी.
नई सड़क भी बनेगी, दुर्घटनाएं होंगी कम
इस प्रोजेक्ट के साथ ही करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से दो लेन की नई सड़क भी बनाई जाएगी. इससे यातायात और बेहतर होगा और सड़क दुर्घटनाओं की संभावना भी काफी कम हो जाएगी.
700 मीटर लंबा होगा ओवरब्रिज
सागर मुख्यालय से करीब 8 किलोमीटर दूर बनने वाला यह रेलवे ओवरब्रिज लगभग 700 मीटर लंबा होगा. इस प्रोजेक्ट को साल 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. इसके बनने के बाद मकरोनिया से दमोह-जबलपुर स्टेट हाईवे तक जाने वाले लोगों को शॉर्टकट रास्ता मिलेगा, जिससे करीब 5 किलोमीटर दूरी कम होगी और टोल टैक्स भी बचेगा.
संत रविदास मंदिर तक पहुंचना होगा आसान
इस ओवरब्रिज से करीब 3 किलोमीटर दूर देश का सबसे बड़ा संत रविदास मंदिर भी लगभग बनकर तैयार हो चुका है. ऐसे में नेशनल हाईवे से आने वाले श्रद्धालु भी इस ओवरब्रिज के जरिए सीधे मंदिर तक आसानी से पहुंच सकेंगे.
About the Author
Shweta Singh, currently working with News18MPCG (Digital), has been crafting impactful stories in digital journalism for more than two years. From hyperlocal issues to politics, crime, astrology, and lifestyle,…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.