Sasaram News: रोहतास जिले के सासाराम से हैरान करने वाला मामला सामने आया है. सासाराम सदर हॉस्पिटल के डॉ. आसित रंजन पर शराब सेवन और आदेश अवहेलना का आरोप है. जिलाधिकारी के निर्देश पर जांच हुई, लेकिन डॉक्टर सैंपल दिए बिना गायब हो गए. जानकारी के अनुसार डॉक्टर से 24 घंटे में स्पष्टीकरण मांगा गया है.
सासाराम सदर हॉस्पिटल के डॉ. आसित रंजन पर शराब सेवन और आदेश अवहेलना का आरोप है.
जानकारी के अनुसार 10 मार्च 2026 की शाम रोहतास की जिलाधिकारी उदिता सिंह के निर्देश पर प्रमंडलीय आयुक्त की पत्नी के पैर में चुभे कांटे को निकालने के लिए सदर अस्पताल से डॉक्टर और पैरामेडिकल टीम को सासाराम परिसदन भेजने का निर्देश दिया गया था. सिविल सर्जन कार्यालय की ओर से डॉ. आसित रंजन को तुरंत टीम के साथ वहां पहुंचने का आदेश दिया गया.
सैंपल दिए बिना बाहर निकल गए डॉक्टर
बताया गया कि मौके पर पहुंचे अधिकारियों के अनुसार डॉक्टर का व्यवहार ठीक नहीं था और उनके मुंह से शराब की दुर्गंध आने की शिकायत की गई. इसके बाद जिलाधिकारी ने डॉक्टर की ब्रेथ एनालाइजर और ब्लड सैंपल से जांच कराने का निर्देश दिया. आरोप है कि जांच के लिए बुलाए जाने पर डॉक्टर कार्यालय से बाहर निकल गए और इसके बाद उनका मोबाइल फोन भी बंद हो गया. काफी खोजबीन के बाद भी उनका पता नहीं चल पाया.
24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण की मांग
सिविल सर्जन कार्यालय की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि अगर डॉक्टर ने शराब का सेवन नहीं किया था तो उन्हें जांच के लिए ब्लड सैंपल देने से परहेज नहीं करना चाहिए था. पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि वर्ष 2019 में भी उनके खिलाफ शराब सेवन का आरोप लग चुका है. अब डॉ. आसित रंजन को 24 घंटे के भीतर इस पूरे मामले में अपना स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया गया है, ताकि जिला प्रशासन को रिपोर्ट भेजी जा सके. इस घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग और प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.