कटनी के रीठी थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक सड़क हादसे में 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना मंटोला गांव के तालाब के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की भिड़ंत के कारण हुई। युवक अपने दोस्तों के साथ वैष्णो दे
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रीठी थाना अंतर्गत ग्राम हठकुई निवासी टेकचंद (19 वर्ष) अपने दोस्तों के साथ शुक्रवार सुबह मोटरसाइकिल से कटनी स्थित वैष्णो देवी मंदिर दर्शन के लिए निकले थे। उनकी बाइक मंटोला गांव के तालाब के समीप पहुंची ही थी कि सामने से आ रही एक अन्य तेज रफ्तार मोटरसाइकिल से उनकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों मोटरसाइकिलें क्षतिग्रस्त हो गईं।
हादसे में टेकचंद को सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, हादसे में घायल हुए दो अन्य युवकों को आसपास के ग्रामीणों की मदद से 108 एंबुलेंस द्वारा कटनी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही रीठी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहाँ शुक्रवार दोपहर उसका पोस्टमार्टम किया गया। पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान तथा घटनास्थल के निरीक्षण के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.