मंगलवार को सुबह महदह स्थित पुलिस केंद्र बक्सर में रैतिक परेड का आयोजन किया गया। परेड़ एसपी शुभम आर्य के नेतृत्व में अनुशासनपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। इस दौरान एसपी शुभम आर्य ने तिरंगे को सलामी दी। परेड के निरीक्षण के दौरान डीएसपी डुमरांव, पुलिस उपाधीक्षक रक्षित समेत अन्य वरीय पुलिस अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान एसपी ने परेड ग्राउंड का निरीक्षण कर पुलिस जवानों की टुकड़ियों का जायजा लिया तथा बेहतर व्यवस्था और अनुशासन को बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा–निर्देश दिए। रैतिक परेड का मुख्य उद्देश्य पुलिसकर्मियों की शारीरिक-मानसिक फिटनेस, अनुशासन, एवं एकरूपता सुनिश्चित करना है। परेड के क्रम में जवानों को नियमित दौड़ और ड्रिल के माध्यम से फिटनेस बनाए रखने पर जोर दिया गया। वहीं टर्नआउट चेक के दौरान वर्दी की स्वच्छता, पहनावे एवं अनुशासन की विशेष जांच की गई। टोलीवार ड्रिल के जरिए पुलिसकर्मियों की तालमेल क्षमता और सामूहिक अनुशासन को और मजबूत किया गया। इसके साथ ही बक्सर पुलिस केंद्र में प्रशिक्षणरत जवानों को मानसिक, शारीरिक एवं आत्म-विकास के लिए योग प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है, जिससे उनकी कार्यक्षमता और फुर्ती में वृद्धि हो सके। परेड के जरिए पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि बल की दक्षता और अनुशासन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.