UT Number On Rafts Meaning: ऋषिकेश में गंगा नदी पर राफ्टिंग का रोमांच जितना मजेदार है, उतनी ही जरूरी आपकी सुरक्षा है. क्या आप जानते हैं कि राफ्ट पर लिखा ‘UT’ नंबर आपकी जान बचा सकता है? यह यूनिक रजिस्ट्रेशन नंबर केवल अधिकृत और सुरक्षित राफ्टिंग कंपनियों को ही मिलता है. एडवेंचर से पहले इस नंबर की जांच करना क्यों अनिवार्य है और प्रशासन कैसे इसके जरिए आपकी सुरक्षा सुनिश्चित करता है, जानें…
क्या है राफ्ट पर लिखे UT नंबर का असली सच?
लोकल 18 के साथ बातचीत के दौरान गंगा नदी राफ्टिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि UT नंबर प्रशासन की ओर से जारी किया गया एक यूनिक रजिस्ट्रेशन नंबर होता है. यह नंबर केवल उन्हीं राफ्टिंग कंपनियों को दिया जाता है जो प्रशासन और संबंधित विभागों के नियमों को पूरा करती हैं. जब कोई कंपनी गंगा नदी में राफ्टिंग संचालन की अनुमति लेती है तो उसके बाद उसकी राफ्ट्स का रजिस्ट्रेशन किया जाता है. इसी प्रक्रिया के दौरान हर राफ्ट को अलग-अलग UT नंबर दिया जाता है. यह नंबर राफ्ट पर साफ तरीके से लिखा होता है ताकि पर्यटक, प्रशासन और निगरानी टीम इसे आसानी से पहचान सकें.
हादसे के वक्त ‘ब्रह्मास्त्र’ है यह नंबर
इस नंबर का सबसे बड़ा फायदा यह होता है कि इससे राफ्ट की पहचान तुरंत हो जाती है. उदाहरण के तौर पर यदि गंगा में किसी राफ्ट के साथ कोई दुर्घटना हो जाती है, या किसी पर्यटक की शिकायत सामने आती है, तो प्रशासन के लिए यह जानना जरूरी होता है कि वह राफ्ट किस कंपनी की थी. ऐसे में UT नंबर के जरिए तुरंत उस राफ्ट और उससे जुड़ी कंपनी को ट्रेस किया जा सकता है. इससे जांच प्रक्रिया आसान हो जाती है और जिम्मेदारी तय करने में भी मदद मिलती है.
अधिकृत कंपनी की पहचान है UT नंबर
इसके अलावा यह नंबर यह भी संकेत देता है कि संबंधित राफ्टिंग कंपनी अधिकृत है और निर्धारित नियमों के तहत काम कर रही है. गंगा नदी क्षेत्र में केवल उन्हीं कंपनियों को राफ्टिंग संचालन की अनुमति दी जाती है जो सुरक्षा मानकों का पालन करती हैं. इनमें प्रशिक्षित गाइड, लाइफ जैकेट, हेलमेट और सुरक्षा उपकरण जैसे कई जरूरी नियम शामिल होते हैं. अगर किसी राफ्ट पर UT नंबर नहीं लिखा है तो यह संभावना हो सकती है कि वह राफ्ट अधिकृत न हो या नियमों का पालन न कर रही हो. इसलिए पर्यटकों को राफ्टिंग से पहले इस नंबर पर जरूर ध्यान देना चाहिए.
प्रशासन की पैनी नजर और निगरानी
राफ्टिंग गतिविधियों की निगरानी में भी UT नंबर की अहम भूमिका होती है. गंगा नदी में राफ्टिंग संचालन की देखरेख के लिए गंगा रिवर मैनेजमेंट कमेटी और स्थानीय प्रशासन समय-समय पर निरीक्षण करते हैं. इस दौरान राफ्ट्स की पहचान UT नंबर के आधार पर ही की जाती है. इससे यह सुनिश्चित किया जाता है कि नदी में केवल पंजीकृत और अधिकृत राफ्ट्स ही चल रही हैं. अगर किसी राफ्ट के खिलाफ नियमों के उल्लंघन की शिकायत मिलती है तो उसी नंबर के आधार पर कार्रवाई की जाती है.
About the Author
राहुल गोयल न्यूज़ 18 हिंदी में हाइपरलोकल (यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश) के लिए काम कर रहे हैं. मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें 16 साल से ज्यादा का अनुभव है, जिसमें उनका फोकस हमेशा न्यू मीडिया और उसके त…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.