सुल्तानपुर। शहर के शास्त्रीनगर निवासी सेवानिवृत्त इंजीनियर सुरेंद्र प्रसाद श्रीवास्तव के आरोप के मुताबिक तीन अक्तूबर को एक अज्ञात व्यक्ति ने खुद को सीबीआई का अधिकारी बताते हुए डिजिटल अरेस्ट कर लिया। आरोपी ने उनसे 34.45 लाख रुपये की ठगी कर ली। साइबर थाने की पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित सुरेंद्र प्रसाद श्रीवास्तव ने बताया कि गत तीन अक्तूबर को एक व्यक्ति ने उन्हें तीन अलग-अलग नंबरों से फोन किया।
उसने स्वयं को सीबीआई अधिकारी बताते हुए कहा कि आपके बैंक खाते और आधार कार्ड का उपयोग गंभीर अपराध में हुआ है। आरोपी ने उन्हें वीडियो कॉल पर रखा। कहा कि अब तुम्हें डिजिटल अरेस्ट किया जा रहा है, इसलिए आप अपने परिवार के किसी सदस्य से बात नहीं कर सकते।
आरोपी ने उन्हें गंभीर आपराधिक मामले में फंसाने की धमकी दी। उसके डर से पीड़ित ने करीब 34.45 लाख रुपये की धनराशि कई बार में अपने खाते से आरोपी के बताए गए खातों में भेज दी। काॅल करने वाले ने वीडियो कॉल के जरिये कुछ फर्जी आईडी कार्ड व नोटिस भी उनके पास भेजा था। बाद में उन्हें पता चला कि उनके साथ ठगी हुई है। साइबर थाने के प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
सेवानिवृत्त फौजी की पत्नी से की 50 हजार की ठगी
सुल्तानपुर। शहर के विनोबापुरी मोहल्ला निवासी रिटायर्ड फौजी अनिल कुमार मिश्र की पत्नी आशा मिश्रा के पास गत पांच मई दोपहर दो बजे फोन आया। पीड़िता के मुताबिक फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को लखनऊ पुलिस का अधिकारी बताते हुए उनके बेटे पर दुष्कर्म की घटना में शामिल होने का आरोप लगाया। साथ ही आरोपी ने उनसे 50 हजार रुपये शहर के पंजाब नेशनल बैंक के खाते में जमा करने के लिए कहा। बताए गए खाता नंबर पर आशा मिश्रा पैसा जमा करवा दिया। घटना के बाद उन्हें जानकारी हुई कि वह साइबर ठगी का शिकार हुई हैं। छह मई को साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। (संवाद)
केस दो-
किराना व्यापारी से की तीन लाख की ठगी
सुल्तानपुर। शहर के गोराबारिक अमहट निवासी अभिषेक जायसवाल ने साइबर थाने में गत 23 मई को प्राथमिकी दर्ज कराई। आरोप के मुताबिक उनका भाई दिनेश किराना स्टोर चलाता है। दिनेश के मोबाइल पर अज्ञात नंबर से काॅल करके अश्लील फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर तीन लाख रुपये की ठगी की गई। इस मामले में पुलिस ने आयुष शर्मा व पीयूष शर्मा निवासी पुरानी बस्ती पचपेड़िया, जिला बस्ती को गिरफ्तार कर जेल भेजा है । (संवाद)
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.