पहाड़ों की सादगी और स्वाद का अनोखा उदाहरण है गहत के डुबके। गहत की दाल को रातभर भिगोकर, पीसकर, लहसुन-मिर्च और नमक के साथ धीमी आंच पर पकाया जाता है. बिना ज्यादा मसालों के बनने वाला यह पहाड़ी व्यंजन सेहतमंद होने के साथ-साथ बेहद स्वादिष्ट भी होता है.
पहाड़ों में आसानी से मिल जाती है दाल
गहत की दाल पहाड़ों में आसानी से मिल जाती है. यह दाल शरीर को गर्मी देती है, पाचन को ठीक रखती है और ठंड के मौसम में खास तौर पर खाई जाती है. गहत के डुबके बनाने की विधि बहुत ही आसान है और इसमें ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं पड़ती.
पहाड़ी गहत की दाल के डुबके बनाने की विधि
सबसे पहले एक से दो कटोरी गहत की दाल लें. दाल को अच्छे से साफ करके रात भर पानी में भिगोकर रख दें. इससे दाल नरम हो जाती है और पीसने में आसानी रहती है. सुबह उठकर भीगी हुई दाल का पानी निकाल दें. अब इस दाल को मिक्सी या सिलबट्टे की मदद से पीस लें. ध्यान रखें कि दाल का पेस्ट बहुत ज्यादा पतला न हो, हल्का दरदरा रहना ही अच्छा होता है. अब इस पेस्ट में थोड़ी सी हरी मिर्च और लहसुन डाल दें. पहाड़ी खाने में लहसुन का स्वाद बहुत खास होता है. इसके बाद जरूरत के हिसाब से नमक मिला लें. गहत के डुबके में आमतौर पर ज्यादा मसालों का इस्तेमाल नहीं किया जाता, इसी वजह से इसका असली स्वाद बना रहता है.
पकाते समय इन चीजों का रखें ध्यान
अब एक कढ़ाई लें और उसमें थोड़ा सा तेल डालकर गरम करें. जब तेल हल्का गरम हो जाए, तो तैयार किया हुआ गहत का पेस्ट कढ़ाई में डाल दें. इसे धीमी आंच पर लगातार चलाते रहें, ताकि पेस्ट नीचे ना लगे. थोड़ी देर बाद इसमें जरूरत के अनुसार पानी डाल दें और अच्छे से मिला लें. अब डुबकों को पकने के लिए छोड़ दें. बीच-बीच में चम्मच से चलाते रहें, ताकि ये अच्छे से पक जाएं.
रंग देखने के बाद गैस कर दें बंद
कुछ समय बाद आप देखेंगे कि डुबकों का रंग हल्का बदलकर गहरा होने लगेगा और खुशबू भी आने लगेगी. यही पहचान है कि गहत के डुबके ठीक से पक चुके हैं. जब आपको लगे कि डुबके अच्छी तरह पक गए हैं और रंग भी सही हो गया है तो गैस बंद कर दें. अब आपके गरम-गरम पहाड़ी गहत के डुबके तैयार हैं. इन्हें आमतौर पर भात (चावल) के साथ खाया जाता है, लेकिन रोटी के साथ भी इनका स्वाद बहुत अच्छा लगता है. सच में, गहत के डुबके सिर्फ एक रेसिपी नहीं बल्कि पहाड़ों की सादगी और परंपरा का स्वाद हैं. अगर आप भी पहाड़ी खाने का असली मजा लेना चाहते हैं, तो इस आसान और स्वादिष्ट रेसिपी को जरूर आजमाइए.
About the Author
पराग शर्मा एक अनुभवी धर्म एवं ज्योतिष पत्रकार हैं, जिन्हें भारतीय धार्मिक परंपराओं, ज्योतिष शास्त्र, मेदनी ज्योतिष, वैदिक शास्त्रों और ज्योतिषीय विज्ञान पर गहन अध्ययन और लेखन का 12+ वर्षों का व्यावहारिक अनुभव ह…और पढ़ें
https://platform.instagram.com/en_US/embeds.js
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.