Last Updated:
Moong dal stuffing samosa: समोसा एक ऐसा लोकप्रिय नाश्ता है जिसे लगभग हर उम्र के लोग बड़े चाव से खाते हैं. आमतौर पर लोग आलू वाले समोसे से परिचित हैं, लेकिन अब बाजार में एक नया स्वाद तेजी से लोकप्रिय हो रहा है, मिनी समोसा. यह छोटा, कुरकुरा और स्वाद में बेहद खास होता है. खास बात यह है कि इसमें आलू की जगह मूंग दाल की स्टफिंग का इस्तेमाल किया जाता है, जिससे इसका स्वाद बिल्कुल अलग और लाजवाब हो जाता है.
बिहार में यह स्नैक अभी नया माना जा रहा है, लेकिन दूसरे राज्यों में इसे काफी पसंद किया जाता है. अब समस्तीपुर सहित आसपास के इलाकों में भी लोग इस मिनी समोसे को चाव से खाने लगे हैं. अच्छी बात यह है कि इसे घर पर भी बेहद आसान तरीके से बनाया जा सकता है और शाम के नाश्ते में यह एक बेहतरीन विकल्प साबित हो सकता है.

मिनी समोसा बनाने के लिए सबसे पहले मूंग दाल को लगभग तीन से चार घंटे तक पानी में भिगोकर रखा जाता है, ताकि दाल अच्छी तरह फूल जाए. इसके बाद दाल को पानी से निकालकर सुखा लिया जाता है और फिर ग्राइंडर में दरदरा पीस लिया जाता है. तैयार दाल में नमक, जीरा, अदरक, हरी मिर्च, गरम मसाला, धनिया पाउडर, गोल मिर्च और अन्य मसाले मिलाकर इसकी स्टफिंग तैयार की जाती है.

इसके साथ ही स्वाद बढ़ाने के लिए काजू, किशमिश और थोड़ा सा चीनी का भूरा भी मिलाया जाता है. दूसरी ओर मैदा का आटा गूंथकर छोटी-छोटी लोइयां बनाई जाती हैं और उन्हें बेलकर छोटी पूड़ियों का आकार दिया जाता है. इसके बाद इनमें तैयार स्टफिंग भरकर समोसे का आकार दिया जाता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

कढ़ाही में तेल या घी गर्म कर इन मिनी समोसों को धीमी आंच पर सुनहरा होने तक तला जाता है. जब समोसा हल्का लाल और कुरकुरा हो जाता है, तब उसे निकालकर गरमा-गरम परोसा जाता है. समस्तीपुर के कारीगर कौशल किशोर शाह बताते हैं कि मिनी समोसा बनाने की यह प्रक्रिया काफी आसान है और थोड़ी मेहनत से घर पर भी स्वादिष्ट समोसा तैयार किया जा सकता है.

उन्होंने बताया कि मूंग दाल को पहले भिगोकर पीस लिया जाता है, फिर उसमें मसाले और ड्राई फ्रूट मिलाकर घी में अच्छी तरह भून लिया जाता है, जिससे इसकी खुशबू और स्वाद दोनों बढ़ जाते हैं. इसके बाद मैदा की छोटी पूड़ियों में इस मिश्रण को भरकर समोसे का आकार दिया जाता है और घी में तलकर कुरकुरा बनाया जाता है.

उन्होंने कहा कि दूसरे राज्यों में इसे किस तरह बनाया जाता है, इसकी उन्हें ज्यादा जानकारी नहीं है, लेकिन बिहार खासकर समस्तीपुर में इसी तरीके से मिनी समोसा तैयार किया जाता है, जिसे लोग काफी पसंद करते हैं. उनका मानना है कि अगर लोग एक बार इस खास मूंग दाल वाले मिनी समोसे का स्वाद चख लें, तो यह उनके पसंदीदा नाश्तों में जरूर शामिल हो जाएगा.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.