Khapra Roti Recipe: रांची के गांवों में एक खास तरह की रोटी खाई जाती है, जिसको कहते हैं खपड़ा रोटी. इसे बनाने का तरीका और इस्तेमाल होने वाली सामग्री आम रोटी से बिलकुल अलग होती है. यह मिट्टी के हांडी के ढक्कन के ऊपर सिंकती है और अरवा चावल के पेस्ट से बनती है. स्वाद गजब होता है.
ये खाने में बड़ी ही लाजवाब और टेस्टी लगती है और बनती भी बड़े यूनिक तरीके से है. चिकन के साथ खाने में और अधिक स्वाद आता है. अगर आप इसे बनाना चाहते हैं तो सबसे पहले आपको अरवा चावल लेना होगा और उसको एकदम महीन पीस लीजिए. इसका पाउडर लें तो ज्यादा बढ़िया है.

इसका पाउडर, जितनी रोटी आपको बनानी है उस हिसाब से ले सकते हैं. फिर इसमें आपको गर्म पानी डालना है, ध्यान रहे, ठंडा नहीं गर्म पानी डालना है. घुलने में आसानी होती है और पानी डालते हुए चलाते रहें. एकदम पानी की तरह आपको इस पेस्ट को बनाना है, गाढ़ा बिल्कुल नहीं रखना है.

और इसमें किसी तरह का कुछ भी नहीं डालना है. ना नमक, ना चीनी, कुछ भी नहीं बस पानी और अरवा चावल का पाउडर और कुछ नहीं. इसके बाद आपको हांडी का ढक्कन जैसा जो तवा होता है, उसको चूल्हे पर चढ़ाएं या गैस पर भी चढ़ा सकते हैं और इसको गर्म होने दें.
Add News18 as
Preferred Source on Google

जब ये गर्म हो जाए तो उसमें आपको कटोरी की मदद से एक कटोरी अरवा चावल का पेस्ट निकालकर डाल देना है. ध्यान रहे, बहुत अधिक नहीं थोड़ा सा ही डालना है और इसको मिट्टी के ही ढक्कन से कवर कर दें. आंच एकदम मीडियम रखें, काफी अधिक तेज या काफी अधिक धीमा नहीं रखना है.

इसके बाद 5 मिनट बाद जब आप ढक्कन हटाएंगे तो आपकी खपड़ा रोटी बनकर तैयार हो जाएगी. एक बात का ध्यान रखना है कि इस रोटी को आपको पलटना नहीं है. जी हां! यह बस एक ही तरफ पकती है और इसे आपको नीचे उतार लेना है. आप देखेंगे इसके ऊपर की परत भी भांप से अच्छे से पक चुकी है.

इस तरीके से आपको जितनी रोटी खाने का मन है, आप उतनी बना सकते हैं. खाने में खासतौर पर चिकन और मटन के साथ काफी स्वादिष्ट लगता है. नए साल पर लोग इसे खूब बनाते हैं और खासतौर पर मटन के साथ चाव के साथ खाते हैं.

एक बात का ध्यान रखना है कि इसको मिट्टी के ढक्कन में ही बनाना है. इसे अगर आप तवे में बनाएंगे तो वैसा स्वाद निकलकर नहीं आएगा और अगर कोयला का चूल्हा हो तो फिर बात ही कुछ और है. इसमें इसका टेस्ट और बढ़ जाता है.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.