Recipe: झारखंड की लोक-संस्कृति का जायका अब सहजन के फूलों की ‘रोटी’ में सिमट आया है. चावल के घोल और मसालों के मेल से बना यह पारंपरिक ‘छिलका’ न केवल स्वाद में बेमिसाल है, बल्कि सेहत का खजाना भी है. बसंत के मौसम का यह ‘सुपरफूड’ शरीर के लिए किसी वरदान से कम नहीं!
इस व्यंजन को बनाने की तैयारी एक रात पहले से शुरू हो जाती है. सबसे पहले अरवा चावल को साफ कर पानी में रातभर भिगोकर छोड़ दिया जाता है. सुबह चावल को अच्छे से धोकर मिक्सर या सिल-बट्टे पर पीसकर गाढ़ा घोल तैयार किया जाता है. ध्यान रखा जाता है कि घोल न ज्यादा पतला हो और न बहुत गाढ़ा, ताकि छिलका तवे पर अच्छी तरह फैल सके और मुलायम बने.
घोल बनाना महत्वपूर्ण
दूसरी ओर ताजे सहजन के फूलों को चुनकर डंठल अलग कर लिया जाता है और साफ पानी से धोया जाता है. इसके बाद फूलों को 2–3 मिनट गर्म पानी में उबाल लिया जाता है, जिससे उनकी हल्की कड़वाहट और अशुद्धियां निकल जाएं. उबालने के बाद पानी छानकर फूलों को ठंडा होने दिया जाता है और हल्के हाथों से मसल लिया जाता है, ताकि वे घोल में अच्छी तरह मिल जाएं.
अब अदरक, लहसुन, हरी मिर्च और गोलकी (काली मिर्च) को पीसकर मसाले का पेस्ट तैयार किया जाता है. इस पेस्ट को चावल के घोल में डालकर उसमें सहजन के फूल मिला दिए जाते हैं. स्वादानुसार नमक डालकर मिश्रण को अच्छे से चलाया जाता है और लगभग 10 से 15 मिनट ढककर रखा जाता है, जिससे मसालों की खुशबू घोल में समा जाए.
स्वाद का जवाब नहीं
इसके बाद तवा गरम कर उस पर थोड़ा तेल लगाया जाता है. तैयार घोल को करछी से तवे पर डालकर हल्के हाथों से फैलाया जाता है. मध्यम आंच पर दोनों तरफ सुनहरा होने तक सेंका जाता है. ऊपर से कुरकुरा और अंदर से नरम बना सहजन फूल का चावल छिलका खाने में बेहद स्वादिष्ट लगता है.
झारखंड में इसे आमतौर पर धनिया या टमाटर की चटनी, अचार या गरम चाय के साथ परोसा जाता है. बसंत के मौसम में घरों से उठती इसकी खुशबू न सिर्फ भूख बढ़ाती है बल्कि ग्रामीण परंपराओं और घरेलू स्वाद की याद भी ताजा कर देती है. यह व्यंजन आज भी झारखंड की लोकसंस्कृति और मौसमी भोजन परंपरा की पहचान बना हुआ है.
About the Author
मीडिया में 6 साल का अनुभव है. करियर की शुरुआत ETV Bharat (बिहार) से बतौर कंटेंट एडिटर की थी, जहां 3 साल तक काम किया. पिछले 3 सालों से Network 18 के साथ हूं. यहां बिहार और झारखंड से जुड़ी खबरें पब्लिश करता हूं.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.