Last Updated:
Holi Sweets Recipe: दूद फरा बनाने के लिए सबसे पहले चावल के आटे को गुनगुने पानी से गूंधकर मुलायम आटा तैयार किया जाता है. फिर छोटे-छोटे गोले बनाकर उन्हें उंगली से हल्का दबाकर फरे का शेप दिया जाता है.
होली के अवसर पर छत्तीसगढ़ के कई घरों में दूद फरा विशेष रूप से तैयार किया जाता है. पहले यह व्यंजन मुख्य रूप से व्रत और धार्मिक अवसरों पर बनाया जाता था लेकिन अब त्योहारों में भी इसकी लोकप्रियता बढ़ रही है. रंग खेलने के बाद जब परिवार एक साथ बैठता है, तो दूद फरा मिठास और अपनापन दोनों घोल देता है.
सात्विक और सेहतमंद व्यंजन
दूध और चावल के आटे से बनने वाला दूद फरा पूरी तरह सात्विक होता है. इसमें डाले जाने वाले काजू, बादाम, किशमिश और छुहारा इसे पौष्टिक बनाते हैं. गुड़ और इलायची की खुशबू इसका स्वाद बढ़ाने के साथ-साथ पाचन में भी सहायक होती है. होली जैसे लंबे दिन में यह डिश शरीर को ऊर्जा देती है और भारीपन महसूस नहीं होने देती.
परंपरा में आधुनिकता का संगम
समय के साथ छत्तीसगढ़िया व्यंजनों में भी बदलाव आया है. अब दूद फरा को पारंपरिक तरीके के साथ-साथ कुछ लोग नए अंदाज में भी तैयार कर रहे हैं लेकिन इसकी मूल रेसिपी और स्वाद आज भी वही है, जो पीढ़ियों से चला आ रहा है. होली के दिन यह व्यंजन आस्था और स्वाद दोनों को एक साथ जोड़ता है.
दूद फरा बनाने की आसान रेसिपी
दूद फरा बनाने के लिए सबसे पहले चावल के आटे को हल्के गुनगुने पानी से गूंधकर मुलायम आटा तैयार किया जाता है. फिर छोटे-छोटे गोले बनाकर उन्हें उंगली से हल्का दबाकर फरे का आकार दिया जाता है. एक पैन में दूध उबालकर उसमें इलायची पाउडर डाला जाता है. जब दूध उबलने लगे, तब फरे डालकर धीमी आंच पर पकाया जाता है. फरे जब फूलकर ऊपर आ जाएं, तब उसमें कटे हुए काजू, बादाम, किशमिश और छुहारा मिलाया जाता है. अंत में स्वादानुसार गुड़ डालकर कुछ मिनट और पकाया जाता है. इस तरह दूद फरा तैयार हो जाता है.
About the Author
राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.