Last Updated:
Holi Special Mutton Recipe: होली के हुड़दंग के बीच मेहमानों के लिए कुछ खास बनाने की टेंशन अब होगी दूर. जमशेदपुर की इस झटपट ढाबा स्टाइल मटन रेसिपी के साथ आप किचन में कम वक्त बिताकर भी स्वाद का जादू बिखेर सकते हैं. सरसों तेल की सोंधी खुशबू, अदरक-लहसुन का देसी पेस्ट और कुकर में झटपट तैयार होने वाला यह मटन आपके त्योहार का मजा दोगुना कर देगा. जानें मैरिनेशन से लेकर फाइनल टच तक की पूरी विधि.
जमशेदपुर: रंगों का त्योहार होली अब बस दहलीज पर है. हंसी-मजाक, गुलाल और पकवानों के इस उत्सव में मेहमानों का आना-जाना लगा रहता है. ऐसे में हर कोई चाहता है कि किचन में कम समय बिताकर त्योहार का पूरा आनंद लिया जाए. अगर आप भी इस होली कुछ दमदार और जायकेदार बनाना चाहते हैं, तो मटन से बेहतर विकल्प कुछ नहीं हो सकता. आज हम आपको बता रहे हैं बेहद आसान और झटपट बनने वाली ढाबा स्टाइल मटन रेसिपी, जो आपकी होली को यादगार बना देगी.
मटन की सफाई और मैरिनेशन
सबसे पहले करीब एक किलो ताजा मटन लें. उसे साफ पानी से अच्छी तरह धो लें. मटन जितना साफ होगा, उसका असल स्वाद उतना ही निखरकर आएगा. अब धुले हुए मटन में थोड़ा सा सरसों का तेल मिलाएं. यह तेल मटन को एक देसी खुशबू और गहरा स्वाद प्रदान करता है. इसमें बारीक कटा हुआ प्याज डालें. हल्के हाथों से मैरिनेट करें. इसे कम से कम 15-20 मिनट के लिए ढककर छोड़ दें. ताकि तेल और प्याज का फ्लेवर मांस के रेशों तक समा जाए.
मसालों का जादू
मटन की जान उसके मसालों में होती है. इसके लिए अदरक, लहसुन और थोड़े से जीरे का एक दरदरा (मोटा) पेस्ट तैयार कर लें. इस पेस्ट को मैरिनेट किए हुए मटन में डालकर अच्छे से मिलाएं. जैसे ही आप मसालों को मिलाएंगे, मटन की सोंधी खुशबू आपके पूरे किचन में महकने लगेगी.
कुकर का कमाल और फाइनल टच
अब एक प्रेशर कुकर लें. सारा मटन उसमें डाल दें. ऊपर से स्वादानुसार नमक, धनिया पाउडर, लाल मिर्च और हल्दी पाउडर डालें. कुकर बंद करें. मटन की क्वालिटी के अनुसार 2 से 4 सीटी लगा लें. कुकर की भाप निकलने के बाद मटन को कढ़ाही में पलट दें. अपनी जरूरत के अनुसार पानी डालकर ग्रेवी तैयार करें. थोड़ी देर तक उबालें ताकि मसाले और ग्रेवी एकसार हो जाएं. अंत में ऊपर से ढेर सारी ताजी हरी धनिया पत्ती डालकर गैस बंद कर दें. आपका होली स्पेशल मटन तैयार है. इसे गरमा-गरम चावल, रोटी या पराठे के साथ परोसें. रंगों से खेलने की थकान के बाद जब मेहमान इस लजीज मटन का स्वाद लेंगे, तो आपकी तारीफ करते नहीं थकेंगे.
About the Author
मैंने अपने 12 वर्षों के करियर में इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में काम किया है। मेरा सफर स्टार न्यूज से शुरू हुआ और दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर डिजिटल और लोकल 18 तक पहुंचा। रिपोर्टिंग से ले…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.