Jharkhandi Special Ghughni Recipe: झारखंड के खास नाश्ते में घुघनी का नाम जरूर आता है. इसे लोग अपनी च्वॉइस से मुड़ी या रोटी-पराठे-पूड़ी के साथ खाते हैं. इसकी सिंपल रेसिपी में अगर कुछ बातों का ध्यान रखा जाए तो इतना बढ़िया स्वाद आता है कि घरवाले, बाहर का खाना भूल जाते हैं.
मटर उबालने में सावधानी जरूरी
झारखंडी घुघनी बनाने के लिए सबसे पहले सूखी सफेद या पीली मटर को अच्छी तरह साफ कर 6 से 7 घंटे या रात भर पानी में भिगो दिया जाता है. सुबह भीगी हुई मटर को कुकर में डालकर नमक और थोड़ी हल्दी के साथ लगभग चार सीटी तक उबाल लिया जाता है. ध्यान रहे, मटर नरम हो जाए लेकिन पूरी तरह गले नहीं, तभी घुघनी का सही स्वाद आता है.
मसाले भूनने में रखें ध्यान
इसके बाद कढ़ाही में सरसों का तेल गरम किया जाता है. तेल गरम होने पर उसमें तेज पत्ता और खड़े गरम मसाले जैसे लौंग और इलायची डाले जाते हैं. फिर बारीक कटा प्याज डालकर सुनहरा होने तक भूना जाता है. जब प्याज अच्छी तरह भुन जाए, तो अदरक-लहसुन का पेस्ट डालकर उसकी कच्ची खुशबू खत्म होने तक पकाया जाता है. अब कटे टमाटर डालकर हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर और नमक मिलाया जाता है और मसाले को तब तक पकाया जाता है, जब तक तेल ऊपर न तैरने लगे.
कुछ देर उबाल लें, ताकि मसाले मिल जाएं
तैयार मसाले में उबली हुई मटर डालकर अच्छी तरह मिलाया जाता है और जरूरत के अनुसार थोड़ा पानी डालकर कुछ मिनट उबाला जाता है, ताकि मसाला मटर के अंदर तक समा जाए. आखिर में ऊपर से थोड़ा गरम मसाला और हरा धनिया डाल दिया जाता है. तैयार घुघनी को कटोरी में निकालकर उस पर बारीक प्याज, हरी मिर्च और नींबू का रस डालकर परोसा जाता है.
गरम-गरम झारखंडी घुघनी जब मुड़ी या रोटी के साथ खाई जाती है, तो इसका स्वाद कई गुना बढ़ जाता है. यही कारण है कि यह साधारण सा व्यंजन आज भी झारखंड के लोगों के दिल और सुबह दोनों को तृप्त कर देता है.
About the Author
बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.